मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भारतीय रेलवे की सुरक्षा और सेवा पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है. यहां एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला टीटीई के हिंसक व्यवहार का शिकार होना पड़ा. वृद्धा की गलती सिर्फ इतनी थी कि वह ट्रेन छूटने डर से जल्दबाजी में AC कोच में चढ़ गई थी. आरोप है कि टीटीई ने महिला के चेहरे पर इतनी जोर से घूंसा मारा कि उनके दांत टूट गए.
पीड़ित महिला सुशीला देवी भोपाल की पूर्वी रेलवे कॉलोनी की रहने वाली हैं. 6 मई को वह नर्मदापुरम (होशंगाबाद) से भोपाल लौट रही थीं. सुशीला देवी को ट्रेन नंबर 22538 कुशीनगर एक्सप्रेस पकड़नी थी. स्टेशन पर ट्रेन चलने ही वाली थी, तभी ट्रेन छूटने के डर से वह पास के एसी (AC) कोच में चढ़ गईं.
कोच में चढ़ते ही वहां मौजूद टीटीई आगबबूला हो गया. बुजुर्ग महिला को उस कोच में देखकर उसने अपना आपा खो दिया और उनके चेहरे पर जोरदार घूंसा जड़ दिया. इस हमले में बुजुर्ग महिला के मुंह से खून निकलने लगा और उनके दांत टूट गए. 75 साल की उम्र में इस तरह की हिंसा ने महिला को सदमे में डाल दिया.
GRP में शिकायत दर्ज
घटना के बाद सुशीला देवी ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई है. पीड़िता और उनके परिवार ने आरोपी टीटीई की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और निलंबन की मांग की है.
पुलिस का बयान
जीआरपी थाना प्रभारी एमएस सोमवंशी के अनुसार, मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है. रेलवे के नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना लगाया जा सकता है, लेकिन किसी यात्री के साथ मारपीट करना कानूनन अपराध है.
धर्मेंद्र साहू