होटल में मारपीट और फिर सड़कों पर बवाल: भोपाल पुलिस ने 7 पर दर्ज की FIR, जानें क्या है पूरा मामला

भोपाल के गोविंदपुरा इलाके में एक मुस्लिम युवक के साथ हुई मारपीट और बदसलूकी के मामले ने अब राजनीतिक और सामाजिक तूल पकड़ लिया है. इस घटना के विरोध में हुए भारी प्रदर्शन के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है.

Advertisement
भोपाल में युवक से बदसलूकी पर भारी बवाल.(Photo:Screengrab) भोपाल में युवक से बदसलूकी पर भारी बवाल.(Photo:Screengrab)

धर्मेंद्र साहू

  • भोपाल,
  • 15 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:43 PM IST

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स और गोविंदपुरा थाना इलाके के बीच एक होटल में हुई मारपीट की घटना ने शहर का सांप्रदायिक माहौल गरमा दिया है. एक हिंदू युवती के साथ मौजूद मुस्लिम युवक के साथ हुई बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है, जिनमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

Advertisement

घटना दो दिन पहले की बताई जा रही है, जब एक होटल में हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोगों ने एक मुस्लिम युवक को एक हिंदू युवती के साथ देखा. आरोप है कि भीड़ ने युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की. इतना ही नहीं, युवक को अर्धनग्न कर उसके चेहरे पर स्याही और गोबर पोता गया.

मुस्लिम पक्ष का आरोप है कि इस दौरान विशेष धर्म को लेकर बेहद आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियां भी की गईं.

सड़कों पर उतरा आक्रोश 
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मुस्लिम समाज में भारी आक्रोश फैल गया. सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम युवक सड़कों पर उतर आए और पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव किया. 

शहर काजी ने भी पुलिस के आला अधिकारियों से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने साफ किया कि यदि सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो शहरव्यापी बड़ा आंदोलन किया जाएगा. देखें VIDEO:- 

Advertisement

पुलिस की कार्रवाई 
गोविंदपुरा एसीपी अदिति सक्सेना के नेतृत्व में पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर पहचान कर कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने रोहित सिंह, बृजेंद्र प्रजापति, जीतू कुशवाह, रंजीत सूर्यवंशी और लाला राम मीणा सहित 7 लोगों पर मामला दर्ज किया. अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 2 अन्य की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है.

पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
प्रदर्शनकारियों और सोशल मीडिया पर यह आरोप भी लग रहे हैं कि जिस समय युवक के साथ बदसलूकी हो रही थी, वहां पुलिसकर्मी मौजूद थे लेकिन उन्होंने हस्तक्षेप नहीं किया. हालांकि, प्रशासन ने इन आरोपों पर अभी कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया है, लेकिन मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement