MP की राजधानी भोपाल में बदमाशों के बेखौफ अंदाज का एक वीडियो सामने आया है. टीलाजमालपुरा थाना क्षेत्र के कांग्रेस नगर में दिनदहाड़े घर में घुसकर अड़ीबाजी, मारपीट और तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है. निगरानीशुदा बदमाश अरशद बब्बा और उसके साथी अरबाज उर्फ बिहारी पर 10 हजार रुपए मांगने और विरोध करने पर परिवार के साथ मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई गई है. घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
फरियादी मोहम्मद जैद की शिकायत के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 4:30 बजे अरशद बब्बा और अरबाज उर्फ बिहारी जबरन उसके घर में घुस आए.
आरोपियों ने डीजे लाइट के काम से हुई कमाई में से खर्च के नाम पर 10 हजार रुपए की मांग की. जैद ने रुपए देने से इनकार किया तो आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी. अलमारी का कांच तोड़ने के साथ फरियादी के साथ लात-घूंसों से मारपीट की और उसे घर से बाहर घसीटने का प्रयास किया.
बीच-बचाव करने आई पत्नी को भी धक्का दिया
शिकायत के अनुसार, जैद की पत्नी असमा जब बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उसे भी धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उसे चोटें आईं. आरोप है कि अरबाज ने छुरी लहराकर हमला करने की कोशिश की. आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए. देखें VIDEO:-
सड़क पर हथियार लहराते दिखे आरोपी
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाशों के गाली-गलौज करने और हथियार लहराने के दृश्य दिखाई देने का दावा किया जा रहा है. निगरानीशुदा बदमाश अरशद बब्बा पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है. दिनदहाड़े इस तरह की घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
CP ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
पीड़ित की शिकायत और सामने आए वीडियो के आधार पर टीलाजमालपुरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि वीडियो के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. जल्द ही आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.पुलिस अब आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है.
धर्मेंद्र साहू