मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में खाद चोरी का बड़ा मामला सामने आया है. यहां आदिम जाति सेवा सहकारी समिति जामठी के वेयर हाउस से करीब 700 बोरी खाद चोरी हो गई. खास बात यह है कि यह चोरी ऐसे समय में हुई है, जब जिले के कई इलाकों में किसान खाद की कमी से जूझ रहे हैं. समिति के वेयर हाउस से 668 बोरी यूरिया, 32 बोरी पोटाश और 5 बोरी जिंक गायब मिली. चोरी गए खाद की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, रविवार रात अज्ञात चोर ट्रक लेकर वेयर हाउस पहुंचे. उन्होंने गोदाम के ताले तोड़े और खाद की बोरियां ट्रक में भरकर फरार हो गए. सोमवार को जब किसानों को खाद वितरण के लिए गोदाम खोला गया, तब चोरी का खुलासा हुआ. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई.
यह भी पढ़ें: MP के वेयर हाउस में खराब हो गया 35 करोड़ का गेहूं? अफसर बोले- जांच रिपोर्ट के बाद होगा फैसला
इस चोरी ने सिर्फ पुलिस ही नहीं, स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है. जिस वेयर हाउस से चोरी हुई, वहां न तो सुरक्षा गार्ड था, न पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था और न ही CCTV कैमरे लगे थे. यानी जिस गोदाम में किसानों के लिए सैकड़ों बोरी खाद रखी गई थी, उसकी सुरक्षा लगभग भगवान भरोसे थी.
हाइवे के पास गोदाम, फिर भी नहीं लगी भनक
हैरानी की बात यह भी है कि गोदाम हाइवे से ज्यादा दूर नहीं है. ऐसे में ट्रक का आना, घंटों तक खाद लोड होना और फिर वहां से निकल जाना कई सवाल खड़े कर रहा है. कोतवाली पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया के मुताबिक, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति जामठी के वेयर हाउस के ताले टूटे मिले हैं और वहां से करीब 700 बोरी खाद चोरी हुई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
पहले से खाद संकट झेल रहे किसानों के लिए यह घटना चिंता बढ़ाने वाली है. जिस समय खरीफ सीजन की तैयारियां शुरू हो रही हैं, उसी समय खाद का बड़ा स्टॉक गायब हो जाना प्रशासन और सहकारी समिति दोनों के लिए चुनौती बन गया है.
राजेश भाटिया