इन दिनों भारतीय क्रिकेट टीम के सभी खिलाड़ी सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. वजह आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उनकी जीत है. सभी खिलाड़ियों ने इस जीत के लिए भरपूर मेहनत की, लेकिन जिस एक खिलाड़ी ने अपने शानदार प्रदर्शन से प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट जीतने के साथ ही लोगों का दिल भी जीता वो संजू सैमसन हैं. उनकी बेमिसाल बल्लेबाजी की चर्चा के बीच उनकी निजी जिंदगी भी सुर्खियों में है.
दरअसल, टीम इंडिया के जीत के जश्न की वायरल होती तस्वीरों में संजू सैमसन की पत्नी चारुलता रमेश दूर खड़ी गर्व से उन्हें देख रही थीं. मैच के बाद चारुलता ने सोशल मीडिया पर संजू के साथ अपनी तस्वीर शेयर की और लिखा, 'मेरी ट्रॉफी अपनी ट्रॉफी को थामे हुए है. मैं बहुत आभारी हूं.' इस प्यारे पल को देखकर लोगों के अंदर संजू सैमसन और चारुलता की लव स्टोरी जानने का क्रेज बढ़ गया है.
(Photo: Instagram/@charulatha_remesh)
संजू की बल्लेबाजी की तरह ही दिलचस्प है लव स्टोरी
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन का बल्ला विरोधी टीमों के खिलाफ जमकर बोला. उन्होंने सिर्फ 5 मैचों में 80.25 की शानदार औसत और 199.38 की स्ट्राइक रेट से कुल 321 रन बनाए. इस दौरान संजू ने 27 चौके और 24 छक्के लगाए और अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी बने. मैदान पर उनकी बल्लेबाजी जितनी शानदार रही, उतनी ही दिलचस्प उनकी लव स्टोरी भी है. पहले जान लेते हैं कि आखिर संजू सैमसन की पत्नी चारुलता कौन हैं.
कौन हैं संजू सैमसन की पत्नी चारुलता रमेश?
फील्ड पर गेंदबाजों की गेंदों को मैदान से बाहर पहुंचाने वाले संजू सैमसन 19 अक्टूबर 1995 को केरल के तिरुवनंतपुरम में हिंदू परिवार में जन्मीं चारुलता रमेश के आगे स्टम्प आउट हुए थे. पढ़ाई में तेज चारुलता अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद मार इवानियोस कॉलेज केमिस्ट्री में बीएससी की पढ़ाई करने पहुंची थीं.
इसके बाद चारुलता ने लोयोला कॉलेज ऑफ सोशल साइंसेज से एचआर में पोस्टग्रेजुएशन किया. पढ़ाई पूरी करने के बाद चारुलता ने बिजनेस की दुनिया में कदम रखा और आज वह एक एंटरप्रेन्योर के तौर पर काम कर रही हैं. चारुलता के पिता बी. रमेश कुमार मशहूर मलयालम अखबार मातृभूमि में चीफ न्यूज एडिटर हैं, जबकि उनकी मां राजश्री रमेश एलआईसी इंडिया में सरकारी कर्मचारी हैं.
कॉलेज के दिनों में शुरू हुई लव स्टोरी
संजू सैमसन अपना दिल कॉलेज के दिनों में ही चारुलता को दे बैठे थे. दोनों की मुलाकात कॉलेज के दिनों में हुई थी. दोनों तिरुवनंतपुरम के मार इवानियोस कॉलेज में पढ़ते थे. सबसे दिलचस्प बात ये है कि साथ में पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच ज्यादा बातचीत नहीं होती थी. लेकिन बाद में सोशल मीडिया ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी.
जब पहली बार संजू ने किया फेसबुक पर मैसेज
दोनों के दिल में छुपी अनकही फीलिंग्स तब सामने आईं जब हिम्मत करके एक रात संजू सैमसन ने 11 बजे फेसबुक पर पहला मैसेज किया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजू सैमसन ने चारुलता को फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी, जिसे उन्होंने एक्सेप्ट किया. इसके बाद 22 अगस्त 2013 को रात करीब 11 बजे संजू ने उन्हें पहला मैसेज किया था.
संजू ने मैसेज में क्या लिखा?
संजू ने चारुलता को पहली बार मैसेज करते हुए 'हाय' लिखा था, यही छोटा सा मैसेज धीरे-धीरे लंबी बातचीत में बदला और फिर दोस्ती प्यार में बदल गई. संजू और चारुलता ने करीब पांच साल तक एक-दूसरे को डेट किया. इस दौरान संजू का क्रिकेट करियर तेजी से आगे बढ़ रहा था और वो आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बना रहे थे.
प्यार के रास्ते में नहीं आया धर्म
दोनों का प्यार समाज की सबसे बड़ी दीवारों में से एक, धर्म की सीमाओं से परे फल-फूल रहा था. दरअसल, संजू सैमसन एक क्रिश्चियन परिवार से आते हैं, जबकि चारुलता रमेश हिंदू परिवार से हैं. अलग-अलग धर्मों से ताल्लुक रखने के बाद भी दोनों ने हमेशा एक-दूसरे को चुना और अपने रिश्ते को सबसे ऊपर रखा. दोनों ने अपने प्यार को 22 दिसंबर 2018 को शादी रचाकर जीवनभर का रिश्ता बनाया था.
दोस्ती से शुरू हुई पार्टनरशिप आज भी है मजबूत
फेसबुक की एक साधारण सी फ्रेंड रिक्वेस्ट से शुरू हुई संजू सैमसन और चारुलता की कहानी आज एक मजबूत रिश्ते में बदल चुकी है. दोनों की लव स्टोरी ये बताती है कि सच्चे रिश्ते समय के साथ और मजबूत होते जाते हैं.