आज कल कपड़े धोने के लिए घरों में वॉशिंग मशीन होती है. कपड़े धोने के बाद भी अगर उनमें से ताजी खुशबू आने के बजाय सीलन या गंदी बदबू आती है. अगर ऐसा आपके घर में भी होता है, तो हर बार डिटर्जेंट या कपड़ों को दोष देना सही नहीं है. हो सकता है कि इसकी वजह आपकी वॉशिंग मशीन हो. दरअसल, हम मशीन में कपड़े डालकर धो तो लेते हैं, लेकिन उसकी सफाई पर ज्यादा ध्यान नहीं देते. धीरे-धीरे मशीन के अंदर साबुन, पानी और गंदगी जमा होने लगती है. लगातार नमी रहने से कुछ हिस्सों में फफूंद भी लग सकती है, जिससे मशीन से बदबू आने लगती है.
कई बार मशीन बाहर से बिल्कुल साफ दिखाई देती है, लेकिन उसके कुछ अंदरूनी हिस्सों में गंदगी छिपी रहती है. यही गंदगी धुलाई के दौरान कपड़ों तक पहुंच सकती है और उन्हें भी बदबूदार बना सकती है. ऐसे में सिर्फ मशीन का ड्रम साफ करना काफी नहीं है. आपको इसके कुछ दूसरे हिस्सों पर भी ध्यान देना चाहिए. आइए जानते हैं वॉशिंग मशीन के किन 4 हिस्सों की सफाई करना जरूरी है.
1. दरवाजे की रबर वाली पट्टी करें साफ: फ्रंट लोड वॉशिंग मशीन के दरवाजे के चारों ओर लगी रबर की पट्टी की सफाई करना न भूलें. इसमें पानी, साबुन और कपड़ों के छोटे-छोटे धागे फंस जाते हैं. समय पर सफाई न करने से यहां फफूंदी जमने लगती है और बदबू आने लगती है.
इसे साफ करने के लिए मशीन बंद करें और रबर की तहों को हल्के हाथों से खोलकर गीले मुलायम कपड़े से पोंछें. आखिर में सूखे कपड़े से अच्छी तरह साफ कर दें, ताकि नमी न रहे.
2. डिटर्जेंट ट्रे को भी करें साफ: डिटर्जेंट और फैब्रिक सॉफ्टनर के बचे हुए हिस्से ट्रे में जमने लगते हैं. लगातार नमी रहने से यहां गंदगी और फफूंद भी पनप सकती है, जिससे मशीन से बदबू आती है.
इसकी सफाई के लिए ट्रे को मशीन के इंस्ट्रक्शंस के हिसाब से बाहर निकालें. फिर गुनगुने पानी और मुलायम ब्रश से साफ करें. वापस लगाने से पहले इसे अच्छी तरह सुखा लें.
3. मशीन के ड्रम की सफाई भी है जरूरी: बार-बार कपड़े धोने से ड्रम में साबुन और डिटर्जेंट के कण जमा हो सकते हैं. जरूरत से ज्यादा डिटर्जेंट डालने और कम टेंपरेचर पर लगातार धुलाई करने से भी गंदगी की परत बनने लगती है.
ड्रम साफ करने के लिए मशीन में मौजूद टब क्लीन या ड्रम क्लीन प्रोग्राम चलाएं. अगर यह फैसिलिटी नहीं है, तो मशीन के मैनुअल में दिए गए इंस्ट्रक्शंस के हिसाब से सफाई करें.
4. दरवाजे और ढक्कन को रखें सूखा: कपड़े निकालने के तुरंत बाद मशीन का दरवाजा या ढक्कन बंद करने से अंदर नमी फंसी रह जाती है. इससे सीलन की बदबू और फफूंद की समस्या हो सकती है. इससे बचने के लिए धुलाई के बाद दरवाजे और अंदरूनी हिस्से को सूखे कपड़े से पोंछें. साथ ही फ्रंट लोड मशीन का दरवाजा और टॉप लोड मशीन का ढक्कन कुछ देर खुला छोड़ दें, ताकि अंदर की नमी सूख सके.
इन छोटी बातों का भी रखें ध्यान
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क