Snake bite first aid: भारत में अक्सर गर्मियों के मौसम में सांप के निकलने और उनके काटने की घटनाएं काफी बढ़ जाती हैं क्योंकि सांप अक्सर गर्मी के कारण ऐसी जगह पर अपने ठिकाने बनाना पसंद करते हैं जहां ठंडाहर हो. ऐसे में शहरी इलाका उनके लिए सुरक्षित होता है. आपने देखा होगा कि यदि किसी को सांप काट ले तो लोग घबरा जाता हैं फिर फिल्मों में बताया हुआ पुराना घरेलू तरीका अपनाते हुए तुरंत घाव के ऊपर कसकर कपड़ा या रस्सी बांध देते हैं. उनका मानना होता है कि ऐसा करने से जहर पूरे शरीर में नहीं फैलेगा. लेकिन क्या सच में यह तरीका सही है?
मेडिकल एक्सपर्ट्स और डॉक्टरों की मानें तो ऐसा करना मरीज के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है और इससे मरीज की जान भी जा सकती है. इस बारे में डॉक्टर ने Aajtak.in को बताया है.
जयपुर के अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल में इंटरनल मेडिसिन कंसलटेंट डॉ. रोहित शर्मा ने Aajtak.in को बताया, 'सांप के काटने के मामलों में सबसे बड़ी समस्या यह है कि लोग घबराहट में पुराने घरेलू उपाय अपनाने लगते हैं, जबकि कई बार यही चीजें मरीज की हालत को और गंभीर बना सकती हैं. आमतौर पर लोग काटे गए हिस्से के ऊपर कपड़ा, रस्सी या बेल्ट बहुत कसकर बांध देते हैं लेकिन यह तरीका सही नहीं माना जाता.'
'बहुत अधिक कसाव से उस हिस्से में खून का प्रवाह रुक सकता है जिससे सूजन, टिश्यू खराब होने और अंग को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ जाता है. यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो सबसे पहले उसे शांत रखने की कोशिश करें क्योंकि घबराहट और तेज हरकत से जहर शरीर में तेजी से फैल सकता है.'
'मरीज को ज्यादा चलने-फिरने न दें और काटे गए अंग को जितना हो सके स्थिर रखें. जहर निकालने के लिए घाव को काटना, चूसना, बर्फ लगाना या कोई घरेलू दवा लगाना भी खतरनाक हो सकता है.'
'सबसे जरूरी बात यह है कि मरीज को बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जाए क्योंकि एंटी-स्नेक वेनम ही इसका सही इलाज है. यदि संभव हो तो सांप का रंग या आकार याद रखने की कोशिश करें लेकिन उसे पकड़ने या मारने की कोशिश बिल्कुल न करें. सही समय पर मेडिकल इलाज मिलने से अधिकांश मरीजों की जान बचाई जा सकती है.'
अगर किसी को सांप काट ले, तो सबसे पहले मरीज को शांत रखें और उसे बिल्कुल भी पैनिक न होने दें. घबराहट से दिल की धड़कन तेज होती है, जिससे जहर शरीर में और तेजी से फैलता है. घाव को तुरंत साफ पानी या साबुन से धोएं. मरीज के हाथ-पैर से अंगूठी, घड़ी या तंग कपड़े हटा दें क्योंकि सूजन आने पर ये ऑपशंस परेशानी खड़ी कर सकते हैं. प्रभावित अंग को हार्ट लेवल से नीचे रखें और उसे ज्यादा हिलने-डुलने न दें. सबसे जरूरी बात ये है कि बिना समय गंवाए मरीज को तुरंत नजदीकी सरकारी हॉस्पिटल ले जाएं और मेडिकल सहायता लें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क