Lychee Warning: लीची का मौसम आ चुका है और बाजार में खूब लीची बिक रही हैं. लीची का मीठा और रसीला स्वाद हर किसी को पसंद आता है. यह फल विटामिन C, एंटीऑक्सीडेंट और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है. मीठी-मीठी लीची खाने में बहुत अच्छी लगती है और बच्चे भी इसे मांग-मांगकर खाते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि खाली पेट लीची खाना कुछ लोगों के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है?
खासकर बच्चों और किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों को इसे लेकर सावधानी बरतनी चाहिए. आइए जानते हैं खाली पेट लीची खाने से जुड़े संभावित नुकसान और इसे खाने का सही तरीका क्या है.
खाली पेट लीची खाने से क्यों हो सकती है परेशानी?
लीची में नेचुरल शुगर होती है, लेकिन इसे कच्ची या अधिक मात्रा में खाने से शरीर में ब्लड शुगर का लेवल अचानक इफेक्ट हो सकता है. खाली पेट इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है, खासकर उन लोगों में जो लंबे समय से भूखे हों या कुपोषण का शिकार हों.
ब्लड शुगर कम होने का खतरा
कुछ रिसर्च में सामने आया है कि कच्ची लीची में मौजूद कुछ तत्व शरीर में ग्लूकोज बनने के प्रोसेस को प्रभावित कर सकते हैं. ऐसे में खाली पेट ज्यादा लीची खाने से ब्लड शुगर बहुत कम हो सकती है, जिससे कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द और बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
पेट से जुड़ी दिक्कतें
सेंसिटिव डाइजेस्टिव सिस्टम वाले लोगों को खाली पेट लीची खाने से गैस, पेट दर्द, अपच या एसिडिटी की शिकायत हो सकती है. ऐसे लोग ज्यादालीची खाते हैं तो उनको पेट में भारीपन भी महसूस हो सकता है.
बच्चों को क्यों रखनी चाहिए सावधानी?
एक्सपर्ट्स के अनुसार, बच्चों को कभी भी खाली पेट बहुत ज्यादा लीची नहीं खिलानी चाहिए. पहले उन्हें कुछ खाना खिलाना बेहतर होता है, उसके बाद सीमित मात्रा में लीची दी जा सकती है.
कितनी मात्रा में खाएं लीची?
हेल्दी इंसान के लिए सीमित मात्रा में पकी हुई लीची खाना सुरक्षित माना जाता है. एक बार में बहुत अधिक लीची खाने से बचें और इसे खाने के बाद या हल्के नाश्ते के साथ खाएं.
लीची खाने का सही तरीका
लीची स्वादिष्ट और पौष्टिक फल है, लेकिन इसे सही समय और सही मात्रा में खाना जरूरी है. खाली पेट और जरूरत से ज्यादा लीची खाने से कुछ लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क