Kitchen Scrub Hacks: रसोई में बर्तन माझने के लिए स्क्रब का इस्तेमाल लगभग सभी घरों में किया जाता है, क्योंकि इनकी मदद से ही बर्तन एकदम साफ धुलते हैं. आमतौर पर इसका इस्तेमाल प्लेट, कड़ाही और बर्तनों की सफाई के लिए किया जाता है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि यही छोटा-सा स्क्रब घर की कई दूसरी चीजों की सफाई में भी बेहद काम आ सकता है.
पुराना होने के बाद अक्सर ही इनको किचन से निकालकर कूड़े में डाल देते हैं, मगर लोग इस बात से अनजान है कि यह स्क्रब उनके घर के दूसरे कामों में भी उनकी मदद कर सकता है. नया-पुराना स्क्रब सिर्फ बर्तन धोने के अलावा कई तरह के कामों में इस्तेमाल किया जा सकता है.अगर आप सोचते हैं कि स्क्रब सिर्फ आपके घर के बर्तनों को चमकाने के काम आता है तो आप गलत है.
चलिए जानते हैं कि कैसे आप बर्तन धोने वाले स्क्रब को घर में अन्य तरीके से कैसे इस्तेमाल में ला सकते है.
गैस स्टोव और बर्नर की सफाई
गैस स्टोव पर जमी चिकनाई और मसालों के दाग हटाने में भी स्क्रब काफी मददगार होता है. हल्के क्लीनर की मदद से स्टोव को धीरे-धीरे रगड़ें, इससे जमी हुई गंदगी आसानी से निकल जाती है.
सिंक को चमकाएं
किचन सिंक में अक्सर पानी के दाग और चिकनाई जम जाती है, जिन्हें निकालने में काफी दिक्कत होती है. ऐसे में आप स्क्रब में लिक्विड क्लीनर डालकर सिंक की सफाई कर सकते हैं, जिससे वह पहले जैसा साफ और चमकदार दिखने लगता है.
बाथरूम की टाइल्स साफ करें
पुराने स्क्रब को बाथरूम के लिए अलग रख लें, क्योंकि बाथरूम की सफाई में बहुत काम आता है. इसकी मदद से टाइल्स, नलों के आसपास जमी गंदगी और साबुन के निशान आसानी से साफ किए जा सकते हैं.
जूतों के सोल की सफाई
सफेद या स्पोर्ट्स शूज के सोल जल्दी गंदे हो जाते हैं और उनको हटाने के लिए आप स्क्रब आपके काम आ सकता है. शूज के सो पर जमा मैल हटाने के लिए स्क्रब बहुत मददगार साबित होता है. थोड़ा साबुन या क्लीनर लगाकर सोल को स्क्रब से साफ करें, इससे जूते ज्यादा साफ नजर आते हैं.
प्लास्टिक के डिब्बों के दाग हटाएं
हल्दी, तेल और मसालों के दाग प्लास्टिक के कंटेनरों से आसानी से नहीं निकलते हैं. स्क्रब से हल्के हाथों से रगड़ने पर जिद्दी दाग साफ करने में मदद मिल सकती है.
खिड़की की सफाई होगी आसान
अगर खिड़की के स्लाइडर में धूल और मिट्टी जमा हो गई है, तो उसे साफ करने के लिए स्पॉन्ज स्क्रब का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसकी मदद से कोनों में जमी गंदगी भी आसानी से निकल जाती है. वहीं, सॉफ्ट स्पॉन्ज से खिड़की के शीशे भी बिना ज्यादा मेहनत के साफ और चमकदार बनाए जा सकते हैं.
फ्रिज की ट्रे और रैक साफ करें
फ्रिज की प्लास्टिक ट्रे और रैक पर जमे दाग साफ करने के लिए अलग स्क्रब का इस्तेमाल करें. इससे कोनों में जमी गंदगी भी आसानी से निकल जाती है और ज्यादा घिसने की मेहनत भी नहीं करनी पड़ती है.
कपड़े सुखाने में आएगा काम
बर्तन धोने वाले स्पॉन्ज स्क्रब का इस्तेमाल कपड़े सुखाने के लिए भी किया जा सकता है, इसके लिए आप एक प्लास्टिक के डिब्बे में कुछ साफ स्पॉन्ज रखें और उन पर थोड़ा-सा फैब्रिक सॉफ्टनर डाल दें. इन्हें लगभग 24 घंटे तक ऐसे ही रहने दें. इसके बाद स्पॉन्ज निकालकर अच्छी तरह सूखा लें. जब भी ड्रायर में कपड़े सुखाएं, सबसे पहले इन स्पॉन्ज को डालें और फिर कपड़े रखें. इससे कपड़ों में अच्छी खुशबू बनी रहती है और अतिरिक्त नमी भी कम करने में मदद मिलती है.
घर पर बनाएं आसान आइस पैक
हल्की चोट या सूजन होने पर अगर घर में आइस पैक नहीं है, तो साफ स्पॉन्ज स्क्रब काम आ सकता है. स्पॉन्ज को पानी में भिगोकर एक जिप वाले प्लास्टिक बैग में रखें और फ्रीजर में जमा दें. जरूरत पड़ने पर इसे ठंडी सिकाई के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. यह साधारण और कम खर्च वाला घरेलू नुस्खा है और यह बहुत कारगार भी है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क