Black jeans Denim Tips: अक्सर लोग इस बात से परेशान रहते हैं कि उनकी पसंदीदा काली जींस कुछ ही धुलाई के बाद पुरानी और फीकी दिखने लगती है. बाजार में मिलने वाले हार्श डिटर्जेंट और गरम पानी जींस के रेशों से डाई को जल्दी निकाल देते हैं. अगर आप भी अपनी जींस को एकदम नया जैसा रखना चाहते हैं तो सबसे आसान तरीका है. इसे कम से कम धोना.
एक्सपर्ट्स का कहना है कि जींस को बार-बार मशीन में डालने के बजाय, जरूरत पड़ने पर ही साफ करना चाहिए. स्पॉट क्लीनिंग यानी केवल गंदी जगह को साफ करना जींस की चमक को लंबे समय तक सुरक्षित रखता है.
पानी ही काफी है
जींस धोने का सबसे सुरक्षित तरीका हाथ से धुलाई है. अगर जींस बहुत अधिक गंदी नहीं है तो सिर्फ ठंडे पानी का इस्तेमाल करना ही काफी होता है. डेनिम ब्रांड लेवी स्ट्रॉस के एक्सपर्ट्स का कहना है, यदि आप मशीन का इस्तेमाल नहीं करना चाहते तो बाल्टी में ठंडा पानी लें और उसमें जींस को भिगो दें.
अधिक रगड़ने या ब्रश के इस्तेमाल से बचें क्योंकि यह जींस के फैब्रिक को डैमेज कर सकता है. अगर दाग जिद्दी हों, तो केवल उस हिस्से पर माइल्ड साबुन या नेचुरल क्लीनर का इस्तेमाल करें.
एक्सपर्ट्स के ये टिप्स आएंगे काम
जींस को हमेशा उल्टा करके धोएं. ऐसा करने से जींस की ऊपरी सतह का सीधा संपर्क पानी और घर्षण से नहीं होता जिससे रंग नहीं उड़ता. अमेरिकन ईगल की गाइड के अनुसार, जींस को कभी भी गरम पानी में न धोएं क्योंकि गर्मी धागों को ढीला कर देती है और रंग तेजी से निकलता है.
टंबल्ड्री का सजेशन है कि अगर आप पहली बार जींस धो रहे हैं तो पानी में थोड़ा नमक या सिरका मिला लें. यह डाई को सेट करने में मदद करता है और भविष्य में जींस का रंग हल्का नहीं पड़ने देता.
सुखाने का सही तरीका
जींस धो लेने के बाद उसे कभी भी मशीन में जोर से न निचोड़ें और न ही बहुत तेज धूप में सुखाएं. सीधी धूप में जींस का रंग बहुत जल्दी फेड हो जाता है. जींस को हमेशा छायादार और हवादार जगह पर ही सुखाएं.
यदि आप वाशिंग मशीन का इस्तेमाल कर रहे हैं तो हमेशा जेंटल साइकिल का चुनाव करें. याद रखें, जितनी कम धुलाई, उतनी ज्यादा लंबी उम्र. अपनी जींस की क्वालिटी को मेंटेन करने के लिए इन छोटी-छोटी सावधानियों को अपनाना ही सबसे बड़ा सॉल्यूशन है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क