Onion Juice for Hair Growth: हर कोई चाहता है कि उसके बाल लंबे, घने और चमकदार हों. लेकिन आज के दौर में अनहेल्दी लाइफस्टाइल और गलत खान-पान के कारण हेयर फॉल, बालों का पतला होना और समय से पहले सफेद होने जैसी समस्याएं काफी आम हो गई हैं. लेकिन अच्छी बात यह है कि आपके किचन में ऐसी कई चीजें मौजूद है जो बालों से जुड़ी समस्याओं को कम करने और उन्हें हेल्दी बनाए रखने में मदद कर सकते हैं. आज हम आपको बालों पर सही तरीके से प्याज लगाना बताएंगे जो बालों को सुंदर, घने और लंबा बनाए रखने में मदद करें.
बालों के लिए प्याज का रस बनाने के लिए सबसे पहले 2-3 प्याज लें और उन्हें छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अब इन्हें मिक्सर में पीस लें. तैयार पेस्ट को मलमल के कपड़े या महीन छलनी से छानकर उसका रस निकाल लें. चाहें तो इसे कुछ समय के लिए फ्रिज में भी रख सकते हैं.
प्याज और शहद का हेयर मास्क
2 चम्मच प्याज के रस में 1 चम्मच शहद मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें. अब इस मिश्रण को बालों की जड़ों और स्कैल्प पर लगाएं और करीब 20 मिनट तक छोड़ दें. इसके बाद हल्के शैंपू से बाल धो लें.
यह हेयर मास्क बालों को चमकदार बनाने, स्कैल्प को हेल्दी रखने और डैंड्रफ की समस्या को कम करने में मदद कर सकता है. साथ ही, यह बालों की ग्रोथ को भी सपोर्ट कर सकता है.
प्याज और एलोवेरा का हेयर मास्क
प्याज का रस निकालने के लिए पहले प्याज को मिक्सर, कद्दूकस या जूसर की मदद से पीस लें और उसका रस छान लें. अब इस रस में बराबर मात्रा में एलोवेरा जेल मिला दें. चाहें तो इसमें 2-3 बूंद ऑलिव ऑयल भी डाल सकते हैं.
इसके बाद बालों को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर इस मिश्रण को स्कैल्प पर लगाएं और हल्के हाथों से 2-3 मिनट तक मसाज करें. इसे कम से कम 30 मिनट तक लगा रहने दें, फिर हल्के शैंपू से बाल धो लें. बेहतर रिजल्ट के लिए इसे हफ्ते में 1-2 बार अपनाया जा सकता है.
प्याज और अंडे का हेयर मास्क
प्याज और अंडे का हेयर मास्क बनाने के लिए 1 बड़ा चम्मच प्याज का रस और 1 पूरा अंडा लें. दोनों को अच्छी तरह फेंटकर एक स्मूद मिश्रण तैयार कर लें.
अब इस मिश्रण को बालों की जड़ों से लेकर पूरे बालों की लंबाई तक अच्छी तरह लगाएं. इसके बाद शॉवर कैप पहन लें, ताकि मिश्रण इधर-उधर न फैले. इसे 20-30 मिनट तक लगा रहने दें, फिर ठंडे पानी और हल्के शैंपू से बाल धो लें.अंडे में मौजूद प्रोटीन बालों को पोषण देने में मदद करता है, जबकि प्याज का रस बालों की जड़ों को मजबूत बनाने में मदद करता है.
इन बातों का रखें ध्यान
अगर आपको प्याज से एलर्जी है या स्कैल्प पर पहले से कोई इंफेक्शन, घाव या गंभीर समस्या है तो इसका इस्तेमाल न करें. पहली बार लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें. अगर तेज जलन, खुजली या लालपन हो तो तुरंत इसे धो दें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क