गर्मी में तेज धूप और ज्यादा पसीने आने के कारण शरीर बहुत जल्दी डिहाइड्रेट होता है, जिसकी वजह से प्यास बहुत जल्दी-जल्दी लगती है. इस प्यास को बुझाने के लिए लोग ठंडा-ठंडा पानी पीते हैं, लेकिन फ्रिज का पानी सेहत के लिए अच्छी नहीं रहता है. ऐसे में ज्यादातर घरों गर्मियों शुरू होते ही ठंडे पानी के लिए मिट्टी के मटके रख लिए जाते हैं. मिट्टी के मटके का ठंडा पानी सिर्फ प्यास ही नहीं बुझाता, बल्कि शरीर को भी ठंडक पहुंचाता है. यही वजह है कि आज भी लोग इसकी सोंधी खुशबू और नेचुरल ठंडक को खूब पसंद करते हैं. लेकिन अक्सर कुछ दिनों बाद मटके के बाहर सफेद-सफेद परत जमने लगती है. इसे देखकर कई लोगों को लगता है कि शायद मटका खराब हो गया है या उसमें गंदगी जमा हो रही है.
लेकिन असल में ये कोई बड़ी परेशानी नहीं होती है. पानी में मौजूद नमक और मिनरल्स धीरे-धीरे मटके की बाहरी सतह पर जमा होने लगते हैं, जिससे ये सफेद परत दिखाई देती है. ऐसे में मटका फेंकने की गलती न करें क्योंकि आप इसे घर में मौजूद कुछ चीजों की मदद से ही साफ कर सकते हैं. अगर सही तरीके से मटके की देखभाल की जाए, तो वो लंबे समय तक नया जैसा बना रहता है और पानी भी पहले की तरह ठंडा और ताजा रहता है.
मटके पर सफेद परत क्यों बनती है?
मटके की मिट्टी में छोटे-छोटे छेद होते हैं, जिनसे पानी धीरे-धीरे बाहर की तरफ आता है और फिर सूख जाता है. पानी के साथ उसमें मौजूद नमक और मिनरल्स भी बाहर आ जाते हैं और बाहर ही रह जाते हैं. यही चीज बाद में सफेद परत की तरह दिखाई देने लगती है. खासकर जहां पानी में नमक या कैल्शियम ज्यादा होता है, वहां ये परत जल्दी जमती है.
ये सफेद परत आमतौर पर हेल्थ के लिहाज से नुकसानदायक नहीं होती, लेकिन अगर इसे लंबे समय तक साफ न किया जाए तो मटका पुराना और गंदा दिखने लगता है. साथ ही मटके की ठंडक भी धीरे-धीरे कम हो सकती है. इसलिए समय-समय पर इसकी सफाई करना जरूरी होता है.
कैसे साफ करें मटके पर जमी सफेद परत?
1. नमक: मटके को साफ करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली चीजों में सबसे पहले नमक का नाम आता है. नमक बहुत फायदेमंद माना जाता है. नमक से मटका साफ करने के लिए थोड़ा मोटा नमक लें और मटके की बाहरी सतह पर हल्के हाथों से रगड़ें. कुछ देर बाद साफ कपड़े या पानी से इसे धो लें. इससे जमी हुई मटके पर जमी परत धीरे-धीरे निकलने लगती है और वो फिर से साफ दिखने लगता है.
2. सिरका और नींबू: अगर सफेद परत बहुत ज्यादा बुरी तरह जम गई है तो उसे साफ करने के लिए आप सिरका या नींबू का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए एक कप पानी में थोड़ा सिरका मिलाकर कपड़े की मदद से मटके पर लगाएं. कुछ मिनट बाद हल्के हाथों से साफ करें. नींबू का रस भी इसी तरह काम करता है. ये दोनों चीजें मटके से सफेद परत को साफ करने के साथ ही उससे आने वाली बदबू को भी दूर करने में मदद करता है.
मटके को ज्यादा दिन तक नया कैसे रखें?
अगर आप चाहते हैं कि आपका मटका नया जैसा ही रहे तो उसे हमेशा साफ और सूखी जगह पर रखें. उसका पानी जल्दी-जल्दी बदलते रहें और अंदर की सफाई भी करते रहें. अगर आप उसमें बहुत ज्यादा नमक वाले पानी भरते हैं तो सफेद परत जल्दी जम सकती है, इसलिए अगर संभव हो तो उसमें फिल्टर पानी भरें.
मटके का पानी क्यों माना जाता है खास?
मिट्टी का मटका पानी को नेचुरल तरीके से ठंडा करता है. इसमें पानी का तापमान बहुत ज्यादा ठंडा नहीं होता, इसलिए ये गले और शरीर के लिए भी बेहतर माना जाता है. यही वजह है कि आज भी ज्यादा घरों में मटके का इस्तेमाल किया जाता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क