How to remove ghun from Wheat Flour: भारतीय खाने में गेंहू-चावल दोनोंं सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली चीज है. चावलों और आटों में अक्सर कीड़े लग जाते हैं, जिससे अक्सर लोग परेशान हो जाते हैं. रसोई में रखा गेहूं का आटा अगर खराब हो जाए, तो यह न सिर्फ खाने का टेस्ट बिगाड़ देता है बल्कि सेहत के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है. आटे में घुन लगना एक आम समस्या है और कई बार तो साफ-सुथरा और ताजा आटा भी कुछ ही दिनों में घुन से भर जाता है.
अगर आप भी इस परेशानी से जूझ रहे हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है. अच्छी बात यह है कि कुछ आसान घरेलू नुस्खों की मदद से आप आसानी से आटे में घुन लगने की समस्या से राहत पा सकते हैं.
आटे में घुन में तब लगते हैं जब आप आटे को पूरी तरह ठंडा किए बिना डिब्बे में भर देते हैं. ऐसे में कंटेनर में हल्की-सी भी नमी रह जाए, तो घुन पनपने लगते हैं. इसके अलावा, अगर डिब्बा ठीक से बंद न हो या पहले से उसमें कीड़े मौजूद हों, तो समस्या और बढ़ जाती है. अगर आप के आटे में भी अक्सर घुन लग जाता है तो आप कुछ देसी नुस्खे अपना सकते हैं,
आटे में घुन से बचाने के लिए तेज पत्ता बेहद कारगर माना जाता है. तेज पत्ते की खुशबू घुन और कीड़ों को बिल्कुल पसंद नहीं होती. यही वजह है कि यह आटे को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करता है. सबसे पहले आटे के डिब्बे को अच्छी तरह साफ और पूरी तरह सूखा लें. अब आटे में 2 से 3 सूखे तेज पत्ते डाल दें. इसके बाद डिब्बे को एयर-टाइट तरीके से बंद कर दें. अगर आटा पहले से ही थोड़ा प्रभावित है, तो उसे धूप में 1-2 घंटे फैलाकर रखें और फिर तेज पत्ते डालकर स्टोर करें. कुछ ही दिनों में आपको फर्क नजर आने लगेगा. हालांकि इस बात का ध्यान रखें कि पत्ते साबुत और सूखे हों.
तेज पत्ते में मौजूद नेचुरल तेल और तेज खुशबू कीड़ों को दूर रखने का काम करती है. यह न तो आटे का स्वाद बदलता है और न ही उसकी क्वालिटी पर असर डालता है. तेज पत्ता के अलावा नीम के पत्ते और लौंग भी घुन से बचाव में बेहद असरदार माने जाते हैं.
नीम के पत्तों में प्राकृतिक एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंसेक्ट गुण होते हैं. इनकी कड़वी गंध और तत्व कीड़ों को दूर रखते हैं और उन्हें पनपने नहीं देते. आटे के डिब्बे में 4–5 अच्छी तरह सूखे नीम के पत्ते डाल दें और फिर डिब्बे को कसकर बंद कर दें. अगर आटे में पहले से हल्का घुन लग चुका है, तो आटे को धूप में फैलाकर रखें और फिर नीम के पत्तों के साथ स्टोर करें.
लौंग की तेज खुशबू भी घुन और कीड़ों को पसंद नहीं होती है, इसमें मौजूद यूजेनॉल नाम का तत्व प्राकृतिक कीटनाशक की तरह काम करता है. एक छोटे सूती कपड़े में 5–7 लौंग बांधकर आटे के डिब्बे में रख दें. चाहें तो लौंग को सीधे भी डाल सकते हैं, लेकिन कपड़े में रखने से उन्हें निकालना आसान रहता है.
इन आसान घरेलू उपायों से आप बिना किसी केमिकल के अपने आटे को लंबे समय तक सुरक्षित रख सकते हैं. नीम के पत्ते और लौंग न सिर्फ असरदार हैं, बल्कि सेहत के लिए भी पूरी तरह सुरक्षित माने जाते हैं.
Disclaimer: यह आर्टिकल सामान्य जानकारी के लिए है. बताए गए घरेलू नुस्खे पारंपरिक अनुभवों पर आधारित हैं और हर व्यक्ति या परिस्थिति में एक जैसे रिजल्ट नहीं दे सकते. अगर आटा ज्यादा खराब हो गया हो या उसमें बहुत ज्यादा कीड़े लग गए हों, तो उसे इस्तेमाल करने से बचें. किसी भी तरह की एलर्जी या बीमारी में एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क