करवा चौथ का पावन पर्व हो और मुंह मीठा करने की बात न हो, ऐसा कैसे हो सकता है. इस दिन सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखती हैं और चांद दिखने के बाद व्रत खोलती हैं. त्योहारों के इस खास मौके पर बाजार में मिलने वाली मिठाइयों में मिलावट का खतरा अक्सर बना रहता है.
अगर आप इस करवा चौथ पर अपने लिए और अपने परिवार के लिए मिठाई खरीदने की सोच रही हैं तो क्यों न इस बार घर पर बाजार से महंगी मिठाई लाने के बजाय घर पर ही आसानी से काजू कतली बनाएं. काजू और चीनी से झटपट तैयार होने वाली यह मिठाई न सिर्फ खाने में लाजवाब होती है, बल्कि इसे बनाना भी बहुत आसान है.
आवश्यक सामग्री:
काजू: 2 कप (अच्छी क्वालिटी के साबुत या टुकड़े वाले काजू)
चीनी: 1 कप
पानी: आधा कप
घी: 1 छोटा चम्मच (चमक और चिकनाई के लिए)
चांदी का वर्क (ऑप्शनल - सजावट के लिए)
बनाने की विधि:
सबसे पहले काजू को मिक्सी के जार में डालकर पल्स मोड पर (रुक-रुक कर) पीस लें. ध्यान रहे कि काजू को लगातार न पीसें, वरना उसका तेल छूट जाएगा और पेस्ट बन जाएगा. पिसे हुए काजू को बारीक छन्नी से छान लें, ताकि कोई बड़ा टुकड़ा न रहे.
अब एक नॉन-स्टिक पैन में चीनी और पानी डालकर गैस पर रखें. इसे तब तक उबालें जब तक चीनी पूरी तरह घुल न जाए और एक तार की चाशनी न बन जाए.
जब चाशनी तैयार हो जाए, तो आंच को बिल्कुल धीमा कर दें. अब इसमें धीरे-धीरे पिसा हुआ काजू का पाउडर डालते जाएं और लगातार चलाते रहें ताकि गांठें न पड़ें.
इस मिश्रण को लगातार चलाते हुए गाढ़ा होने तक पकाएं. जब यह पैन छोड़ने लगे और एक डो के रूप में इकट्ठा होने लगे, तब इसमें एक चम्मच घी मिला लें और गैस बंद कर दें.
मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें (इतना कि हाथ सह सके). अब इसे बटर पेपर पर रखकर हल्के हाथों से तब तक गूंथें जब तक यह एकदम चिकना और सॉफ्ट न हो जाए.
अब बटर पेपर पर रखकर इसे बेलन की मदद से मनचाही मोटाई में बेल लें. अगर चाहें तो इसपर चांदी का वर्क लगा सकते हैं. इसे ठंडा होने दें और फिर डायमंड शेप (काजू कतली के आकार) में काट लें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क