सावन का महीना शुरू होते ही त्योहारों की झड़ी लग जाती है. इस खूबसूरत मौसम में अगर त्योहारों की बात हो और घेवर का जिक्र न आए ऐसा हो ही नहीं सकता. घेवर सावन के महीने की सबसे खास और पारंपरिक मिठाई है. अक्सर लोग सोचते हैं कि हलवाई जैसा जालीदार और क्रिस्पी घेवर घर पर बनाना नामुमकिन है लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है.
यहां हम आपको ऐसी रेसिपी बता रहे हैं जिसके जरिए आप इस बार सावन आने से पहले ही सिर्फ चार चम्मच देसी घी और रसोई में मौजूद कुछ बेसिक चीजों से एकदम परफेक्ट, जालीदार मावा घेवर तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं बिना सांचे के घर पर ही हलवाई स्टाइल घेवर बनाने की सबसे आसान और सीक्रेट रेसिपी.
सामग्री:
घेवर के लिए तैयार कर लें ये चीजें
मैदा – 1 कप
देसी घी – 4 चम्मच
ठंडा दूध – ¼ कप
ठंडा पानी या बर्फ के टुकड़े – बैटर बनाने के लिए
नींबू का रस – 1 छोटा चम्मच
घी या तेल – तलने के लिए
चाशनी के लिए: चीनी – 1 कप, पानी – ½ कप, इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
कटे हुए पिस्ता-बादाम और चांदी का वर्क (इच्छानुसार)
मावा (रबड़ी) और गार्निशिंग के लिए चाहिए होंगी ये चीजें
मावा (खोया): 150-200 ग्रामचीनी: 2-3 चम्मच (मावा में मिलाने के लिए)कटे हुए मेवे: बादाम, पिस्ताचांदी का वर्क (सजाने के लिए)
बनाने की विधि:
एक बड़े बर्तन या मिक्सी के जार में 4 चम्मच देसी घी और 3-4 बर्फ के टुकड़े डालकर अच्छी तरह फेंटें, जब तक कि घी एकदम सफेद और मक्खन जैसा क्रीमी न हो जाए.
अब इस क्रीमी घी में ¼ कप ठंडा दूध डालकर मिलाएं. इसके बाद इसमें थोड़ा-थोड़ा करके मैदा डालें और साथ में एकदम ठंडा पानी डालते हुए मिलाते जाएं.
ध्यान रहे कि बैटर में बिल्कुल गाठें न हों. यह बैटर एकदम पतला और मक्के के सूप जैसा रनिंग कंसिस्टेंसी का होना चाहिए. आखिर में इसमें 1 चम्मच नींबू का रस मिलाकर बैटर को थोड़ी देर के लिए फ्रिज में रख दें (घेवर के लिए बैटर का बिल्कुल ठंडा होना जरूरी है).
एक पैन में 1 कप चीनी और आधा कप पानी डालकर उबालें. इसे एक तार की चाशनी बनने तक पकाएं, फिर इलायची पाउडर डालकर गैस बंद कर दें.
एक गहरे और भारी तले के भगोने (या पैन) में आधा से ज्यादा घी या तेल गर्म करें. तेल बहुत तेज गर्म होना चाहिए. अब ठंडे बैटर को एक चमचे में लेकर, तेल के बिल्कुल बीचों-बीच थोड़ी ऊंचाई से पतली धार बनाकर गिराएं.
जैसे ही आप बैटर डालेंगे, तेज झाग उठेगा. झाग बैठने पर बीच में किसी बेलन या चाकू की मदद से जगह बनाएं और दोबारा थोड़ा सा बैटर डालें. यह प्रक्रिया 7 से 8 बार दोहराएं.
जब घेवर किनारों से हल्का भूरा होने लगे, तो उसे चाकू की मदद से थोड़ा नीचे तेल में डुबोएं ताकि यह ऊपर से भी अच्छी तरह सिक जाए. सुनहरा होने पर इसे बहुत सावधानी से बाहर निकालें और एक्स्ट्रा तेल निकलने दें.
मावा (रबड़ी) तैयार करन के लिए खोया को कड़ाही में धीमी आंच पर भूनें. जब मावा हल्का नरम हो जाए तो इसमें 2-3 चम्मच चीनी मिलाएं. मिश्रण को तब तक चलाएं जब तक चीनी घुल न जाए, फिर इसे ठंडा होने के लिए रख दें.
अब तैयार गर्म घेवर के ऊपर गुनगुनी चाशनी को चम्मच की मदद से चारों तरफ फैलाते हुए डालें. चाशनी सोखने के बाद इसके ऊपर तैयार मावे की एक बराबर परत फैलाएं. ऊपर से कटे हुए बादाम, पिस्ता और चांदी का वर्क लगाकर सजाएं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क