Tips to Make Tomato Chutney: सुबह की भागदौड़ के बाद जब दोपहर के खाने में वही रोज की सादी दाल-रोटी या उबले चावल सामने आते हैं तो खाने की इच्छा थोड़ी कम हो जाती है. अगर आप भी अपने लंच को बिना किसी एक्स्ट्रा मेहनत के जायकेदार और चटपटा बनाना चाहते हैं तो भुने टमाटर की यह देसी चटनी आपकी थाली के लिए बेस्ट रहेगी.
गैस या तवे पर भुने हुए टमाटर, तीखी मिर्च, कच्चे लहसुन और शुद्ध सरसों के तेल के मेल से बनने वाली इस चटनी का स्मोकी फ्लेवर इतना गजब का होता है कि इसे देखते ही भूख दोगुनी हो जाती है. आइए जानते हैं इसे बनाने की एकदम आसान और पारंपरिक विधि.
आवश्यक सामग्री:
लाल और पके टमाटर: 3-4 बड़े
लहसुन: 5-6 कलियां
हरी मिर्च: 2-3 (बारीक कटी हुई)
प्याज़: 1 छोटा (बिल्कुल बारीक कटा हुआ)
हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
सरसों का तेल: 1 बड़ा चम्मच (पारंपरिक तीखे स्वाद के लिए)
नींबू का रस: 1 छोटा चम्मच (वैकल्पिक, अतिरिक्त खटास के लिए)
नमक: स्वादानुसार
बनाने की विधि:
टमाटर और लहसुन भूनें: सबसे पहले टमाटरों को धोकर सुखा लें और उन पर हल्का सा सरसों का तेल लगा लें. अब गैस बर्नर पर जाली रखें और टमाटरों को धीमी आंच पर अलट-पलट कर तब तक भूनें जब तक कि उनका छिलका काला न पड़ जाए और वे अंदर से सॉफ्ट न हो जाएं. इसी तरह लहसुन की कलियों को भी हल्का सा भून लें.
छिलका निकालें: भुने हुए टमाटरों को एक प्लेट में निकालें और थोड़ा ठंडा होने दें. ठंडा होने पर इनका काला छिलका आसानी से उंगलियों से हटा दें (ध्यान रहे कि टमाटर को पानी से न धोएं, वरना स्मोकी फ्लेवर चला जाएगा).
मैश करें (चोखा स्टाइल): अब एक गहरे बर्तन या ओखली में भुने हुए टमाटर और लहसुन को डालकर हाथों से या पोटैटो मैशर की मदद से अच्छी तरह मैश कर लें.
सामग्रियां मिलाएं: इस मैश किए हुए टमाटर में बारीक कटा हुआ प्याज़, हरी मिर्च और ढेर सारा हरा धनिया डालें.
देसी ट्विस्ट दें: अब इसमें स्वादानुसार नमक और एक बड़ा चम्मच कच्चा सरसों का तेल डालें. सरसों का तेल इस चटनी को असली देसी और तीखा स्वाद देता है.
सर्व करें: सभी चीज़ों को चम्मच से अच्छी तरह मिला लें. आपकी खुशबूदार और तीखी भुने टमाटर की चटनी तैयार है. इसे लिट्टी, पराठे या दाल-चावल के साथ मजे से परोसें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क