How To Get Rid Of Drain Flies: बाथरूम-किचन की नाली के पास मंडरा रही हैं छोटी-छोटी काली मक्खियां? रात में करें ये छोटा सा काम, सुबह तक हो जाएगा सफाया

How To Get Rid Of Drain Flies: बाथरूम या किचन की नाली से निकलने वाली छोटी-छोटी काली मक्खियों (ड्रेन फ्लाइज) से परेशान हैं? अगर हां, तो ये खबर आपके लिए है. महंगे पेस्ट कंट्रोल के बिना, बेकिंग सोडा और गर्म पानी जैसे आसान घरेलू उपायों से इन्हें जड़ से खत्म कर सकते हैं.

Advertisement
नाली के अंदर ड्रेन फ्लाइज अपने अंडे देती हैं इसलिए वहां की सफाई करना जरूरी है. (Photo: ITG) नाली के अंदर ड्रेन फ्लाइज अपने अंडे देती हैं इसलिए वहां की सफाई करना जरूरी है. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 13 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 7:21 AM IST

How To Get Rid Of Drain Flies: गर्मियों और बारिश के मौसम में अगर बाथरूम, रसोई की सिंक या नाली के आसपास छोटी-छोटी मक्खियां मंडराती नजर आने लगें, तो बहुत गंदी लगती हैं. इनसे छुटकारा पाने के लिए लोग कई तरह की चीजें करते हैं, लेकिन फिर भी ये मक्खियां जाने का नाम नहीं लेती हैं. अगर आपके घर में भी मक्खियों की वजह से गंदगी हो रही है, तो इसे नॉर्मल समझकर नजरअंदाज न करें. ये अक्सर ड्रेन फ्लाइज होती हैं, जो गंदी और नम नालियों में तेजी से पनपती हैं. शुरुआत में इनकी संख्या कम होती है, लेकिन कुछ ही दिनों में ये पूरे घर में फैल सकती हैं और बड़ी परेशानी बन सकती हैं.

Advertisement

कई लोग इन्हें नॉर्मल मक्खियां समझकर सिर्फ भगाने की कोशिश करते हैं, लेकिन असल समस्या नाली के अंदर छिपी होती है, जहां इनके अंडे और लार्वा मौजूद रहते हैं. ऐसे में सिर्फ मक्खियों को मारने से ये समस्या खत्म नहीं होती है. आज हम आपको ड्रेन फ्लाइज को बाथरूम, रसोई से हमेशा के लिए भगाने का तरीका बता रहे हैं. कुछ आसान तरीकों और रोजाना सफाई की मदद से ड्रेन फ्लाइज को जड़ से खत्म किया जा सकता है और दोबारा घर में आने से भी रोका जा सकता है.

क्या होती हैं ड्रेन फ्लाइज?
ड्रेन फ्लाइज नॉर्मल मक्खियों से बहुत अलग होती हैं. ये बहुत छोटी, रोएंदार पंखों वाली मक्खियां होती हैं, जो अक्सर नालियों, सिंक, बाथटब और गीली जगहों के आसपास दिखाई देती हैं. ये गंदगी, नमी और पाइपों में जमा ऑर्गेनिक कचरे में पनपती हैं. ये इंसानों को सीधे तौर पर नुकसान तो नहीं पहुंचातीं, लेकिन घर में इनकी मौजूदगी परेशानी का सबब बन सकती हैं.

Advertisement

कैसे पहचानें कि घर में ड्रेन फ्लाइज हैं?
अगर आपको सिंक, बाथरूम या नाली के आसपास छोटी-छोटी काले रंग की मक्खियां उड़ती दिखें, तो समझ जाएं कि ये ड्रेन फ्लाइज हो सकती हैं. ये ज्यादा ऊंचा नहीं उड़ती हैं और अक्सर दीवारों या नाली के पास बैठी नजर आती हैं. आपको ये शाम के समय ज्यादा देखने को मिलती हैं. 

घर में क्यों आती हैं ड्रेन फ्लाइज?
ड्रेन फ्लाइज को नमी और गंदगी बहुत पसंद होती है. ऐसे में अगर किसी नाली में पानी जमा रहता है, पाइप जाम है या उसके अंदर चिकनाई और गंदगी जमा हो गई है, तो इन जगहों पर ड्रेन फ्लाइज आती हैं.

1. सबसे पहले पता लगाएं मक्खियां कहां से आ रही हैं: अगर आप इनसे छुटकारा पाना चाहते हैं, तो सबसे पहले ये जानना जरूरी है कि ड्रेन फ्लाइज किस नाली से निकल रही हैं. ये पता करने के लिए रात में किसी नाली पर टेप या प्लास्टिक कप लगाकर छोड़ दें. सुबह अगर उसमें मक्खियां फंसी मिलें, तो समझिए वही इनका ठिकाना है.

2. नालियों की अच्छी तरह सफाई करें: सिर्फ मक्खियों को मारने से काम नहीं चलेगा. इनके अंडे और लार्वा पाइपों के अंदर जमा गंदगी में रहते हैं. ऐसे में आप पाइप ब्रश या ड्रेन ब्रश की मदद से नाली के अंदर जमी चिकनाई और गंदगी को साफ करें.

Advertisement

3. उबलता पानी डालें: आप नाली में उबलता पानी भी डाल सकते हैं. एक बर्तन में पानी उबालें और उसे धीरे-धीरे नाली में डालें. इससे पाइप में जमा गंदगी ढीली पड़ सकती है और अंडे व लार्वा खत्म होने में मदद मिलती है. अगर आप चाहते हैं कि ये बिल्कुल खत्म हो जाएं तो उबलता पानी नाली में जल्दी-जल्दी डाल सकते हैं. 

4. बेकिंग सोडा और सिरके का इस्तेमाल करें: ड्रेन फ्लाइज से छुटकारा पाने के लिए बेकिंग सोडा और सफेद सिरके का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. इनका खात्मा करने के लिए नाली की सफाई जरूरी है. नाली को साफ रखने के लिए उसमें पहले बेकिंग सोडा डालें और फिर सफेद सिरका. कुछ देर बाद गर्म पानी डाल दें. ये मिश्रण पाइपों में जमा गंदगी को साफ करने में मदद करता है, जिससे ड्रेन फ्लाइज का ठिकाना खत्म हो जाता है.

दोबारा वापस ना आएं उसके लिए क्या करें?

1. अगर आप चाहते हैं कि ये दोबारा ना आएं तो नालियों को नियमित रूप से साफ करें.
2. सिंक या बाथरूम में पानी जमा न होने दें.
3. बाल, खाना और बाकी कचरा नाली में जाने से रोकें.
4. जरूरत पड़ने पर ड्रेन पर जाली लगाएं.
5. घर में नमी और सीलन को कम करने की कोशिश करें.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »