सर्दी में हीटर तक नहीं चलाया और फोन किया बाहर से चार्ज... कंजूसी करके कपल ने बचा लिए 12 करोड़ और 40 में हो गए रिटायर, ये कहानी चौंका देगी

बढ़ती महंगाई के इस दौर में जहां लोग 60 की उम्र तक बचत के लिए जूझते हैं, वहीं एक कपल ने अपनी सूझबूझ से महज 40 की उम्र में रिटायरमेंट लेकर सबको चौंका दिया है. सोशल मीडिया पर इस कपल की सूझबूझ की काफी तारीफें हो रही हैं. आइए जानते हैं कैसे इन्होंने महज 40 में ही अपने आगे आने वाली जिंदगी के खर्चों की पूरी प्लानिंग कर ली.

Advertisement
इस जोड़े ने 40 साल की उम्र में जल्दी रिटायरमेंट कैसे हासिल किया (Photo: ITG) इस जोड़े ने 40 साल की उम्र में जल्दी रिटायरमेंट कैसे हासिल किया (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 03 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:46 PM IST

बढ़ती महंगाई और रोजमर्रा की जरूरतों के बीच आजकल लोगों के लिए भविष्य के लिए पैसे बचाना टेढ़ी खीर से कम नहीं और ऐसे में पहले रिटायरमेंट के बारे में सोचना भी दूर की कौड़ी लगता है. लेकिन दुनिया में कुछ लोग ऐसे भी हैं जो अपने करियर की शुरुआत से ही इतनी शानदार प्लानिंग करते हैं कि 40 की उम्र तक आते-आते वो काम से आजादी यानी अर्ली रिटायरमेंट ले लेते हैं. आज हम आपको एक ऐसे ही कपल की प्रेरणादायक कहानी बताने जा रहे हैं जिन्होंने अपनी स्मार्ट स्ट्रेटेजी से पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है.

Advertisement

कैसे 40 में रिटायर हुआ ये कपल

ये कहानी है इंग्लैंड के एक कपल एलन और केटी डोनेगन की जो इंग्लैंड के दक्षिणी इलाके में रहते हैं और हर साल सर्दियों में अपने घर में हीटिंग सिस्टम को चालू करने से बचते थे.

इंग्लैंड, अमेरिका, यूरोप और एशिया के कई देशों में सर्दियां भारत की तरह नहीं होतीं. वहां पारा माइनस में चला जाता है इसलिए घरों को गर्म रखने के लिए उनकी फर्श और दीवारों को हीट करना पड़ता है जिससे बिजली का बिल बहुत ज्यादा बढ़ जाता है.

इस बारे में एलन कहते हैं, 'घर को गर्म करने की जगह हम ज्यादा कपड़े पहनते थे और गर्म पानी की बोतलों का इस्तेमाल करते थे. हमने इसे एक खेल बना लिया था. यह कोई तकलीफ नहीं थी बल्कि एक रणनीति थी.'

'बीबीसी' की इस रिपोर्ट के अनुसार, इस कपल ने स्वीकार किया कि दूसरे लोग उन्हें पैसे बचाने की ये तरीके अपनाने की वजह से अजीब और पागल समझते थे लेकिन एलन बताते हैं कि वो अपनी आजादी पर पूरी तरह फोकस थे.

Advertisement

आजादी से उनका मतलब जल्दी रिटायरमेंट से है जिसे डोनेगन परिवार ने सात साल पहले हासिल कर लिया था, जब एलन सिर्फ 40 साल के थे और केटी सिर्फ 35 साल की.

एलन और केटी डोनेगन

 

इस कपल से सीखें किफायतशारी 

वो दोनों शायद ही कभी बाहर से खाना मंगाते थे और हमेशा काम पर घर से बना लंच ले जाते थे. एलन कहते हैं, 'सिर्फ लंच की उस एक आदत से हमने 10 सालों में 40,000 पाउंड (करीब 6 लाख रुपये) बचा लिए.'

'हम बाहर रहने पर अपने फोन भी चार्ज कर लेते थे और फेंके हुए नेक्टर वाउचर ढूंढते थे. आप तय कर सकते हैं कि यह पागलपन है या समझदारी, लेकिन हमें इससे फायदा हुआ.'

ट्रेनिंग और लाइफ-कोचिंग का बिजनेस शुरू करने से पहले एलन लैंडस्केप गार्डनर के तौर पर काम करते थे जबकि केटी एक फाइनेंशियल फर्म में एक्चुअरी या रिस्क असेसेर थीं.

अच्छी कमाई के अलावा उनकी बहुत ज्यादा बचत करने की आदतों का मकसद था कि वो जल्दी रिटायर हो सकें और उन्होंने जितना हो सका, उतना पैसा इन्वेस्टमेंट में लगाया.

केटी कहती हैं, 'हमने जो भी पैसा निवेश किया, वो उस जिंदगी की ओर एक कदम था जो हम जीना चाहते थे. जब उनकी बचत 10 लाख ब्रिटिश पाउंड यानी भारतीय रुपयों में करीब 12 करोड़ 73 लाख तक पहुंच गई तो उन्होंने नौकरी छोड़ दी.

Advertisement

एलन और केटी 'FIRE' (फायर) नाम के एक छोटे लेकिन तेजी से बढ़ते ग्लोबल मूवमेंट का हिस्सा हैं. FIRE का मतलब है - 'फाइनेंशियली इंडिपेंडेंट, रिटायर अर्ली' (आर्थिक रूप से आजाद होना और जल्दी रिटायर होना).

15 साल पहले यह एक बहुत कम जानी-पहचानी सोच थी लेकिन अब सोशल मीडिया साइट Reddit पर FIRE डिस्कशन बोर्ड के लगभग इसके दस लाख सदस्य हैं और बड़ी-बड़ी फाइनेंशियल संस्थाएं भी इस विषय पर कई गाइड पब्लिश करती हैं.

इस तरह बनाएं पैसे बचाने की आदत

इसका मुख्य सिद्धांत यह है कि आप अपनी नौकरी के दौरान बहुत किफायत से रहें ताकि आप जल्द से जल्द रिटायर हो सकें.

हममें से ज्यादातर लोगों के लिए नौकरी से जल्दी रिटायर हो पाना सिर्फ एक सपना है. रहने-सहने के बढ़ते खर्च, प्रॉपर्टी की ऊंची कीमतें और स्टूडेंट लोन (पढ़ाई के लिए लिया गया कर्ज) की वजह से हमें कम नहीं बल्कि ज्यादा समय तक काम करना पड़ेगा. आंकड़े भी यही बताते हैं.

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल UK में रिटायरमेंट की औसत उम्र पुरुषों के लिए 65.8 साल और महिलाओं के लिए 64.7 साल के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई.

अमेरिका में भी स्थिति कुछ ऐसी ही है. एक लंबे समय तक चली स्टडी के अनुसार, वहां 1990 के दशक से पुरुषों और महिलाओं के रिटायरमेंट की औसत उम्र लगातार बढ़ी है और 2025 में यह क्रमशः 64.8 और 63.3 साल हो गई है.

Advertisement

हैरान कर देगी एमी मिंकली की स्ट्रैटेजी

फिर भी 'FIRE' (Financial Independence, Retire Early) को मानने वाली 49 साल की एमी मिंकली अपने लक्ष्य को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. अमेरिका की इस मिडिल-स्कूल टीचर ने सिर्फ 44 साल की उम्र में ही रिटायरमेंट ले लिया था.

इस लक्ष्य को पाने के लिए उन्होंने जापान, सिंगापुर, भारत और थाईलैंड जैसे देशों में इंटरनेशनल प्राइवेट स्कूलों में काम किया. मिंकली का कहना है कि वहां उन्हें ज्यादा पैसे कमाने का मौका मिला और टेक्सस में रहने की तुलना में वहां रहने का खर्च भी बहुत कम था.

एमी मिंकली ने 44 की उम्र में रिटायर होने से पहले कई देशों में टीचर के तौर पर काम किया.

 

उन्होंने कम से कम खर्च करने की भी कोशिश की. मिंकली कहती हैं, 'मुझे विदेश में रहने वाले लोगों वाली खास जीवनशैली अपनाने में कोई दिलचस्पी नहीं थी.'

'मैंने शायद ही कभी महंगे कपड़े खरीदे हों, इलेक्ट्रॉनिक सामान तब तक इस्तेमाल किया जब तक वह खराब न हो जाए, ज्यादातर खाना घर पर ही बनाया और कोई भी बड़ी चीज खरीदने से पहले अच्छी तरह सोचा-समझा.'

वो कहती हैं, 'सिंगापुर और भारत में रहते हुए घर हाउसमेट के साथ शेयर करने से मुझे और भी ज्यादा बचत करने में मदद मिली. साथ ही कई देशों में मुझे कार की जरूरत नहीं पड़ी जिससे मेरा खर्च कम रहा.'

Advertisement

मिंकली अब बाली में रहती हैं, जहां उनकी रिटायरमेंट की कमाई अमेरिका वापस जाने की तुलना में कहीं ज्यादा काम आती है.

कैरोल श्लीफ ने बताया सिक्के का दूसरा पहलू

टोरंटो की फाइनेंशियल एडवाइजरी कंपनी BMO प्राइवेट वेल्थ में चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट कैरोल श्लीफ का कहना है कि कई लोगों के लिए FIRE (जल्दी रिटायरमेंट) अभी भी मुमकिन है लेकिन उनके ज्यादातर क्लाइंट अपनी वर्क लाइफ में बैलेंस बनाए रखने पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं. इसलिए जल्द से जल्द रिटायर होने की जल्दबाजी करने के बजाय वो एक अच्छे करियर और अपनी आमदनी के हिसाब से जिंदगी जीने के बीच तालमेल बिठाने पर ध्यान दे रहे हैं.

श्लीफ कहती हैं, 'अगर आप जल्दी रिटायर हो जाते हैं लेकिन आपके पास दोस्त, अच्छी सेहत या जिंदगी का कोई मकसद नहीं है तो आपने एक लक्ष्य तो हासिल कर लिया लेकिन दूसरी चीजों की कुर्बानी दे दी. आपको सोचना होगा कि क्या यह सब सही है.'

'आजकल लोग ज्यादा फ्लेक्सिबल तरीका अपना रहे हैं. वो अपने रिटायरमेंट के लक्ष्यों तक पहुंचने के साथ-साथ जिंदगी का मजा लेने के तरीके भी खोज रहे हैं.'

UK के इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म AJ Bell में पर्सनल फाइनेंस की हेड सारा कोल्स चेतावनी देती हैं कि FIRE फिलॉसफी को अपनाना मुश्किल होता जा रहा है. ज्यादातर लोग इस तरीके को अपनाने में सक्षम नहीं हैं.

Advertisement

फिर भी उनका कहना है कि FIRE के कई सिद्धांत काम के हैं और लोगों को थोड़ी जल्दी रिटायर होने में मदद कर सकते हैं, जैसे कि कम उम्र में ही बचत शुरू करना और हर बार सैलरी बढ़ने पर पेंशन पेमेंट बढ़ाना.

कोल्स कहती हैं, 'एक बैलेंस्ड रास्ता आपको वह रिटायरमेंट दिला सकता है जो आप चाहते हैं और जब आप चाहते हैं, बिना आपकी हिम्मत तोड़े. बस इसे थोड़ा और सोच-समझकर और असलियत के करीब रखने की जरूरत है.'

FIRE कम्युनिटी में कुछ लोग अब इस कम मुश्किल रास्ते को अपना रहे हैं जिससे 'Barista Fire' जैसी नई कैटेगरीज बन रही हैं. इसमें इतना पैसा बचाने पर ध्यान दिया जाता है कि आपके इन्वेस्टमेंट से होने वाली कमाई जिंदगी के ज्यादातर खर्चों को पूरा कर सके. इसके बाद आप पार्ट-टाइम काम करके बाकी खर्चों को पूरा करते हैं.

हालांकि, कुछ FIRE फॉलोअर्स के लिए बहुत ज्यादा बचत करना ही जल्दी रिटायरमेंट पाने का सबसे बड़ा तरीका है और वो इसे लंबे समय में फायदेमंद कुर्बानी मानते हैं. हालांकि आखिरी फैसला आपके ऊपर निर्भर करेगा कि आप कौन सा रास्ता चुनते हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »