How often should you wash jeans tips: जींस हर किसी की डेली लाइफ का सबसे जरूरी हिस्सा है. अक्सर हम ऑफिस, कॉलेज या बाहर जाते समय जींस पहनते हैं लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि इसे कब और कितनी बार धोना चाहिए? जींस की धुलाई को लेकर अक्सर डिबेट होती रही है. कुछ समय पहले लीवाइज के CEO (सितंबर 2011 से जनवरी 2024) रहे चिप बर्ग ने कहा था कि अच्छी क्वालिटी की जींस को वॉशिंग मशीन में बार-बार धोना बिल्कुल जरूरी नहीं है. दरअसल, बहुत ज्यादा धुलाई जींस के फैब्रिक को कमजोर कर देती है और उसका लुक भी खराब होने लगता है.
चिप बर्ग का क्या है मानना?
चिप बर्ग का मानना था कि अच्छी क्वालिटी की डेनिम को वॉशिंग मशीन में बार-बार डालना उसे नुकसान पहुंचाने जैसा है. उन्होंने बताया था कि वे खुद अपनी पसंदीदा जींस को धोने के लिए बहुत लंबा समय लेते हैं और कई बार तो वे उसे महीनों तक नहीं धोते. उनका कहना है कि अगर जींस पर कोई विजिबल दाग नहीं लगा है तो उसे मशीन में धोने की जरूरत नहीं है.
बर्ग के मुताबिक, डेनिम को जितना कम धोया जाए, उसका फैब्रिक और फिटिंग उतनी ही बेहतर बनी रहती है. उनका यह अप्रोच न केवल जींस को नया जैसा बनाए रखने में मदद करता है बल्कि पानी की भारी बचत के जरिए सस्टेनेबिलिटी को भी बढ़ावा देता है.
एक्सपर्ट्स की क्या राय है?
यदि आप यह सोच रहे हैं कि जींस को कभी नहीं धोना चाहिए तो यह भी पूरी तरह सही नहीं है. अलग-अलग एक्सपर्ट्स के अपने-अपने सुझाव हैं. अगर आपकी जींस में दाग या गंध नहीं है तो उसे 5 बार पहनने के बाद भी धोया जा सकता है.
वहीं कुछ लॉन्ड्री एक्सपर्ट्स का मानना है कि आप जींस को 8 से 10 बार पहनने के बाद भी धो सकते हैं. बात सिर्फ सफाई की नहीं, बल्कि फैब्रिक की ड्यूरेबिलिटी बनाए रखने की भी है. अगर आप इसे कम धोते हैं तो यह लंबे समय तक अपनी शेप और कलर बरकरार रखती है.
'स्पॉट क्लीनिंग' है बेहतर सॉल्यूशन
अगर आपकी जींस पर कोई छोटा-मोटा दाग लग गया है तो उसे पूरी तरह वॉशिंग मशीन में डालने की गलती न करें. इसकी जगह स्पॉट क्लीनिंग का तरीका अपनाएं. एक पुराने टूथब्रश पर हल्का सा डिटर्जेंट लेकर सिर्फ उस हिस्से को साफ करें जहां दाग है. इसके बाद एक गीले कपड़े से उसे पोंछ लें और हवा में सूखने दें. यह तरीका न केवल पानी की बचत करता है बल्कि जींस को रफ-टफ इस्तेमाल से भी बचाता है.
वॉशिंग मशीन से बचाएं अपनी पसंदीदा जींस
अगर जींस बहुत ज्यादा गंदी हो गई है और उसे धोना ही है तो कुछ बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. हमेशा जींस को उल्टा करके और ठंडे पानी में धोना चाहिए. गर्म पानी से जींस का कलर फेड हो जाता है. साथ ही ड्रायर का इस्तेमाल बिल्कुल न करें. ड्रायर की गर्मी से जींस का स्ट्रेच खराब हो सकता है और कपड़े सिकुड़ सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क