Homemade Face Packs for Summer: गर्मियों के मौसम में तेज धूप, पसीना, धूल-मिट्टी और प्रदूषण का असर सबसे ज्यादा हमारी स्किन पर पड़ता है. इसकी वजह से चेहरा डल और बेजान नजर आने लगता है. ऐसे में लोग इससे बचने के लिए महंगे स्किनकेयर प्रोडक्ट्स या पार्लर का सहारा लेते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी किचन में मौजूद कुछ चीजें नेचुरल तरीके से स्किन को हेल्दी और ग्लोइंग बनाने में मदद कर सकती हैं.
आज हम आपको कुछ ऐसे नेचुरल फेस पैक्स के बारे में बताएंगे जो गर्मियों में स्किन को ठंडक पहुंचाने, नमी बनाए रखने और नेचुरल ग्लो बढ़ाने में मदद कर सकते हैं. आइए जानते हैं कुछ आसान होममेड फेस पैक्स के बारे में, जिन्हें आप घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं और स्किन से जुड़ी कई समस्याओं से राहत पा सकते हैं.
दही और शहद का फेस पैक
दही में मौजूद लैक्टिक एसिड चेहरे की डेड स्किन को हटाने में मदद करता है, जबकि शहद स्किन को मॉइस्चराइज रखने का काम करता है. इस पैक को बनाने के लिए 2 चम्मच दही में 1 चम्मच शहद मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें. इसे चेहरे और गर्दन पर 20 मिनट तक लगाकर रखें, फिर ठंडे पानी से धो लें. इससे स्किन मुलायम और हाइड्रेटेड बनी रहती है.
खीरा और एलोवेरा फेस पैक
खीरा स्किन को ठंडक पहुंचाने के लिए जाना जाता है, जबकि एलोवेरा स्किन को मॉइस्चराइज करने में मदद करता है. खीरा और एलोवेरा का फेस पैक बनाने के लिए आधे खीरे को पीस लें और उसमें 2 चम्मच ताजा एलोवेरा जेल मिलाएं. इस पेस्ट को चेहरे पर 15 मिनट तक लगाएं और फिर ठंडे पानी से धो लें.यह फेस पैक स्किन को ताजगी देने के साथ-साथ उसे हाइड्रेट रखने में भी मदद करता है.
केले का फेस पैक
केले में पोटैशियम भरपूर मात्रा में होता है, जो त्वचा की ड्राइनेस को कम करने में मदद कर सकता है. एक पके केले को मैश करके उसमें 2 चम्मच ठंडा दूध मिलाएं. इसे चेहरे पर 15 मिनट तक लगाकर रखें और फिर धो लें. इससे स्किन को नमी मिलती है और उसका टेक्सचर बेहतर बन सकता है.
मुल्तानी मिट्टी और पुदीने का फेस पैक
मुल्तानी मिट्टी अतिरिक्त तेल को सोखने में मदद करती है, जबकि पुदीना चेहरे को ताजगी देता है. इसके लिए 2 चम्मच मुल्तानी मिट्टी में पुदीने की पत्तियां पीसकर मिलाएं और थोड़ा गुलाब जल डालकर पेस्ट तैयार करें. इसे चेहरे पर लगाएं और हल्का सूखने पर धो लें. यह फेस पैक ऑयली और मुंहासों वाली फेस के लिए अच्छा माना जाता है.
इन फेस पैक्स को लगाने से पहले एक बार पैच टेस्ट जरूर कर लें. यदि किसी भी तरह की एलर्जी, जलन या रिएक्शन महसूस हो तो इसका इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क