Eid-ul-Fitr 2026 Beauty Tips: ईद का रोजेदारों को बेसब्री से इंतजार है और इस दिन घरों में मिठाइयां, अच्छे-अच्छे पकवान बनाए जाते हैं. लोग एक-दूसरे के घर जाते हैं और गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देते हैं. ईद आने से पहले ही महिलाओं की शॉपिंग शुरू हो जाती है, क्योंकि इस दिन वो सबसे सुंदर जो दिखना चाहती हैं. वैसे तो चाहे मौका कोई भी हो, महिलाओं को सबसे खूबसूरत दिखना होता है.
20 या 21 मार्च को भारत में ईद का त्योहार मनाया जाएगा, इस दिन सभी महिलाएं बहुत रेडी होती हैं, ताकि वो सबसे हटकर और सबसे सुंदर दिख सकें. लेकिन मेकअप से वो नेचुरल ग्लो नहीं आ पाता है. अगर आप अपने फेस पर नेचुरल ग्लो चाहती हैं तो कुछ आसान तरीकों के जरिए अपने चेहरे पर गुलाबी निखार ला सकती हैं. इन बचे हुए दिनों में आप हर रोजाना एक-एक करके इन नुस्खों को अपनाते हैं तो ईद के दिन आपका चेहरा चांद की तरह चमकने लगेगा.
एलोवेरा और गुलाब जल से बनी क्रीम
एलोवेरा और गुलाब जल स्किन को एक साथ मिलाकर एक क्रीम तैयार कर लें. इस क्रीम को आप रात को सोने से पहले अपने चेहरे पर अच्छी तरह से लगा लें. एलोवेरा और रोज वॉटर दोनों स्किन को ठंडक देने और नमी बनाए रखने में मदद करती है. इस नाइट क्रीम को बनाने के लिए एक चम्मच एलोवेरा जेल में थोड़ा सा गुलाब जल मिलाकर क्रीम बना लें. इससे आपकी स्किन हाइड्रेट होगी, दाग-धब्बे हल्के होंगे और चेहरे को नेचुरल ग्लो मिलेगा.
हल्दी-बेसन और दूध का मास्क
हल्दी, बेसन और दूध का फेस मास्क स्किन को साफ और चमकदार बनाने में मदद करता है. एक चम्मच बेसन में चुटकी भर हल्दी और थोड़ा सा दूध मिलाकर पेस्ट बनाएं. इसे चेहरे पर लगाकर 10 से 15 मिनट तक छोड़ दें, फिर हल्के गुनगुने पानी से धो लें. यह मास्क टैन हटाने, स्किन निखारने और दाग-धब्बों को कम करने में मदद करता है.
ओटमील से बनाएं स्क्रब
ओटमील एक प्राकृतिक स्क्रब की तरह काम करता है, जो त्वचा से डेड स्किन सेल्स हटाने में मदद करता है. दो चम्मच ओटमील में थोड़ा सा दही या दूध मिलाकर पेस्ट बना लें. इसे चेहरे पर हल्के हाथों से गोल-गोल घुमाते हुए मसाज करें. कुछ मिनट बाद पानी से धो लें. यह स्क्रब त्वचा को गहराई से साफ करता है और चेहरे को स्मूद और चमकदार बनाता है.
नींबू और शहद का टोनर
नींबू और शहद से बना टोनर स्किन को फ्रेश रखने में मदद करता है, इसलिए आप रोजाना अपने चेहरे पर नींबू और शहद का टोनर लगाएं. इसे बनाने के लिए एक चम्मच शहद में कुछ बूंदें नींबू का रस मिलाकर चेहरे पर हल्के हाथों से लगाएं. 10 मिनट बाद नॉर्मल पानी से धो लें. नींबू स्किन को साफ करता है और शहद नमी बनाए रखता है, जिससे फेस क्लीन, ग्लोइंग और सॉफ्ट दिखने लगता है.
नारियल तेल और बादाम तेल से मसाज
नारियल तेल और बादाम तेल त्वचा को गहराई से पोषण देने के लिए जाने जाते हैं. दोनों तेलों को बराबर मात्रा में मिलाकर चेहरे और गर्दन पर हल्के हाथों से मसाज करें. इससे स्किन में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और स्किन को जरूरी पोषण मिलता है. नियमित मसाज से त्वचा मुलायम, चमकदार और हेल्दी दिखाई देने लगती है.
खूब सारा पानी पिएं
इन सभी देसी तरीकों के अलावा अपनी स्किन को हेल्दी और ग्लोइंग बनाए रखने के लिए रोजाना पर्याप्त पानी पीना बहुत जरूरी है. दिनभर में कम से कम 7 से 8 गिलास पानी हर इंसान को पीना चाहिए, क्योंकि इससे शरीर हाइड्रेट रहता है और टॉक्सिन्स बाहर निकलते हैं. इससे त्वचा साफ, फ्रेश और चमकदार दिखती है और पानी की सही मात्रा स्किन में नमी बनाए रखने और ड्राईनेस को कम करने में भी मदद करती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क