Jawed Habib Hair Washing Tips: बालों को लेकर अक्सर कहा जाता है कि रोज शैंपू करने से बाल कमजोर होकर झड़ने लगते हैं. इसी वजह से कई लोग बालों को कई-कई दिन तक नहीं धोते. ऐसे में बालों की देखभाल को लेकर अक्सर लोगों के मन में एक बड़ा सवाल रहता है कि आखिर बालों को कितनी बार धोना चाहिए? अगर आप भी उन्हीं में शामिल हैं, तो बता दें हेयर एक्सपर्ट जावेद हबीब बालों को रोजाना धोने की सलाह देते हैं.
उनकी मानें तो बालों को स्वस्थ और मजबूत रखने के लिए सबसे जरूरी चीज है स्कैल्प की साफ-सफाई. उनका कहना है कि धूल, पसीना, तेल और प्रदूषण लगातार स्कैल्प पर जमा होते रहते हैं. अगर लंबे समय तक बालों की सफाई न की जाए तो गंदगी और ऑयल की परत जम सकती है, जिससे स्कैल्प पर बुरा असर हो सकता है. इसलिए सिर्फ इस डर से बाल धोना बंद कर देना कि ज्यादा शैंपू करने से बाल झड़ेंगे, सही तरीका नहीं है. बालों की जरूरत और स्कैल्प की कंडीशन के हिसाब से उनकी नियमित सफाई करना जरूरी है.
क्या रोज शैंपू करना बालों के लिए नुकसानदायक है?
जावेद हबीब ने रोज शैंपू करने को लेकर कहा कि अगर बालों को साफ रखने के लिए शैंपू किया जा रहा है तो सिर्फ रोज धोने के नाम पर डरने की जरूरत नहीं है. उनका जोर इस बात पर है कि बाल और स्कैल्प साफ होने चाहिए. उन्होंने इसकी तुलना रोज दांत और चेहरा साफ करने से करते हुए कहा कि जब हम रोज अपने दांत और मुंह साफ करते हैं, तो बालों की सफाई को लेकर इतनी चिंता क्यों?
उनके मुताबिक भारत जैसे देश में धूल, गर्मी और प्रदूषण की वजह से पसीना और शरीर का तेल बालों पर चिपक सकता है. अगर स्कैल्प पर गंदगी जमा होती रहे तो बालों की सेहत पर बुरा असर हो सकता है. इसलिए बालों को अपनी जरूरत के हिसाब से नियमित रूप से साफ करना जरूरी है. उसके लिए फिर चाहे आप थोड़ा साबुन इस्तेमाल करें, थोड़ा शैंपू या फिर रीठा का इस्तेमाल करें. लेकिन हां, शैंपू की मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है.
जावेद हबीब बोले- पहले बालों को गीला करें, फिर लगाएं तेल
जावेद हबीब ने बालों में तेल लगाने का अपना तरीका भी बताया. उनके मुताबिक सूखे बालों पर सीधे तेल लगाने के बजाय पहले बालों को अच्छी तरह गीला करना चाहिए. इसके बाद अपनी पसंद का तेल लगाया जा सकता है.
उन्होंने कहा कि बालों में तेल लगाने के लिए किसी खास महंगे तेल की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद सामान्य तेल का इस्तेमाल किया जा सकता है. उन्होंने उत्तर भारत में सरसों के तेल का उदाहरण देते हुए इसे इस्तेमाल करने की बात कही.
तेल लगाने के बाद कितनी देर रखें?
जावेद हबीब के मुताबिक बाल गीले करने के बाद तेल लगाएं और अगर बाल लंबे हैं तो हल्का कंघा कर लें. इसके बाद करीब 5 मिनट तक तेल लगा रहने दें और फिर बाल धो लें. उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि बाल धोने के लिए किसी महंगे शैंपू का इस्तेमाल करना जरूरी नहीं है. आप जो शैंपू इस्तेमाल करते हैं, उससे बाल धो सकते हैं. बस बाल और स्कैल्प अच्छी तरह साफ होने चाहिए.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क