खाना बनाना लोगों को बहुत पसंद होता है, लेकिन कई बार उस दौरान छोटी-छोटी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. यही छोटी-सी परेशानी भी पूरा मूड खराब कर देती है. खासकर जब कढ़ाई में बन रही सब्जी नीचे से चिपकने लगे. कभी प्याज-मसाले तली में लग जाते हैं, तो कभी सब्जी जलने लगती है. इसके बाद खाने का स्वाद बिगड़ने का डर रहता है और कढ़ाई साफ करने में भी काफी मेहनत करनी पड़ती है. इस चीज से बचने के लिए कई लोग सब्जी बनाने के लिए कढ़ाई में तेल थोड़ा ज्यादा डालते हैं, लेकिन हर बार ज्यादा तेल डालना इसका सही हल नहीं है.
अच्छी बात यह है कि खाना बनाते समय कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर इस परेशानी को काफी हद तक कम किया जा सकता है. जी हां, आप बिना ज्यादा तेल डाले भी सब्जी को कढ़ाई में जिपकने से बचा सकते हैं. आइए जानते हैं ऐसे ही 5 किचन हैक्स, जिनकी मदद से आप सब्जी को कढ़ाई में चिपकने से बचा सकते हैं.
1. कढ़ाई में तेल की हल्की लेयर लगाएं: सब्जी बनाने से पहले कढ़ाई में थोड़ा तेल डालकर उसकी तली और किनारों पर अच्छी तरह फैला दें. इसके लिए चम्मच या सिलिकॉन ब्रश की मदद ले सकते हैं. तेल की हल्की लेयर से सब्जी के चिपकने के चांस कम हो सकते हैं.
2. मसाले चिपकने लगें तो पानी डालें: प्याज और मसाले भूनते समय अगर वे कढ़ाई की तली में चिपकने लगें, तो एक-दो चम्मच पानी डाल दें. इससे मसाले ढीले हो सकते हैं और उनके जलने का खतरा कम होता है. सूखी सब्जी में पानी सीमित मात्रा में ही डालें.
3. टमाटर की प्यूरी इस्तेमाल करें: अगर सब्जी में टमाटर डालना है, तो जरूरत के हिसाब से टमाटर की प्यूरी इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे सब्जी में थोड़ी नमी और गाढ़ापन आता है, जिससे मसाले अच्छी तरह मिलते हैं. यह तरीका खासकर ग्रेवी वाली सब्जियों में काम आ सकता है.
4. पहले कढ़ाई गर्म करें, फिर तेल डालें: सब्जी बनाने से पहले कढ़ाई को हल्का गर्म करें और फिर तेल डालें. तेल गर्म होने के बाद ही सब्जी या मसाले डालें. ध्यान रखें कि कढ़ाई को बहुत ज्यादा गर्म न करें, खासकर नॉन-स्टिक बर्तन को खाली रखकर तेज आंच पर गर्म करने से बचें.
5. सब्जी को बीच-बीच में चलाते रहें: सब्जी को लंबे समय तक बिना चलाए छोड़ने से वो तली में चिपक सकती है. इसलिए जरूरत के हिसाब से बीच-बीच में चलाते रहें और आंच भी मीडियम रखें. नॉन-स्टिक कढ़ाई में लकड़ी या सिलिकॉन के चम्मच का इस्तेमाल करें, ताकि उस पर खरोंच न आए.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क