Snake Safety Tips Monsoon: बारिश का मौसम आते ही गर्मी से राहत तो मिलती है, लेकिन इसके साथ कई तरह की परेशानियां भी बढ़ जाती हैं. इनमें जहरीले सांपों का घरों और रिहायशी इलाकों के आसपास आना भी शामिल है. बरसात के कारण सांपों के बिलों में पानी भर जाता है, जिसकी वजह से ये अपने रहने का नया ठिकाना ढूंढते हैं. वे सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों के आसपास पहुंच सकते हैं.
अगर आपके घर के आसपास झाड़ियां, कूड़े का ढेर या पानी जमा रहता है, तो सांपों के आने का खतरा और बढ़ सकता है. जहरीले सांप इतनी चालाकी से घर के अंदर घुसते हैं कि आपके पता भी नहीं लगेगा. इनके घर या घर के आसपास होने का लोगों को मालूम भी नहीं पड़ता. हालांकि कुछ सावधानियां बरतकर आप अपने घरों से सांपों को दूर रख सकते हैं. चलिए जानते हैं आप ऐसा क्या कर सकते हैं कि सांफ आपके घर के आसापस भी न फटके.
1. घर के आसपास की दरारें और छेद तुरंत बंद करें: सांप छोटे से छोटे छेद में से भी घर के अंदर घुस सकते हैं. इसलिए बारिश का मौसम शुरू होते ही घर के दरवाजों, खिड़कियों, दीवारों, नींव और नालियों के आसपास अच्छी तरह चेक कर लें. अगर कहीं कोई दरार या छेद दिखे, तो उसे तुरंत सील कर दें.
2. घर के आसपास झाड़ियां और कूड़ा जमा न होने दें: अगर आपके घर के पास लंबी-लंबी घास, घनी झाड़ियां, सूखे पत्तों के ढेर और लकड़ियों का ढेर का पड़ा है, तो ये सांपों को छिपने की जगह दे सकते हैं. बारिश में पौधे और घास तेजी से बढ़ते हैं, इसलिए घर के आसपास की सफाई करते रहें. झाड़ियों को जल्दी-जल्दी काटते रहें और बेकार सामान या लकड़ियों को घर के पास जमा न होने दें.
3. चूहे और मेंढक दिखें तो सावधान हो जाएं: सांप अक्सर खाने की तलाश में भी घरों के आसपास पहुंचते हैं. बारिश के मौसम में चूहे और मेंढक ज्यादा दिखते हैं, जो सांपों को आपके घर की तरफ अट्रैक्ट कर सकते हैं. इसलिए घर में खाने-पीने की चीजें खुली न छोड़ें, कूड़ेदान को हमेशा ढककर रखें और पालतू जानवरों का खाना भी बाहर न पड़ा रहने दें. ऐसा करने से घर में चूहे नहीं आएंगे.
4. घर के आसपास पानी जमा न होने दें: बारिश के बाद जमा हुए पानी में मेंढक और कीड़े खूब आते हैं. इनके पीछे सांप भी घर के आसपास आ सकते हैं. इसलिए घर के बाहर, नालियों, पानी की टंकी, नल और अन्य जगहों पर पानी जमा न होने दें. नालियों को अच्छी तरह ढककर रखें और समय-समय पर उनकी सफाई करते रहें.
घर में सांप दिख जाए तो बिल्कुल न करें ये गलती
अगर घर या आंगन में सांप दिखाई दे, तो घबराकर उसके पास जाने की कोशिश न करें. उसे पकड़ने या मारने की कोशिश करना भी खतरनाक हो सकता है. सांप से दूरी बनाए रखें और बच्चों और पालतू जानवरों को भी उसके पास न जाने दें. ऐसी स्थिति में किसी एक्सपर्ट या रेस्क्यू टीम की मदद लें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क