Jodhpuri Aloo Sabji Recipe: दही-सौंफ के तड़के से बनाएं चटपटे जोधपुरी आलू, शेफ रणवीर बरार ने बताई आसान रेसिपी, मिनटों में होगी तैयार
अगर आप बिना लहसुन-प्याज के कुछ चटपटा और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो शेफ रणवीर बरार स्टाइल में जोधपुरी आलू जरूर ट्राई करें. दही, सौंफ, अजवाइन और अमचूर के तड़के से बनी यह राजस्थानी डिश पूरी या पराठे के साथ मिनटों में तैयार हो जाती है और बेहद लाजवाब लगती है. आइए आपको इसकी रेसिपी बताते हैं.
Jodhpuri Aloo ki Recipe: आलू की सब्जी तो सभी के घरों में बनती हैं, रोज-रोज एक जैसी आलू की सब्जी खाकर बोर हो जाते हैं. नवरात्रि में लहुसन-प्याज के बिना खाना बनाते हैं तो स्वाद को लेकर लोग अक्सर परेशान रहते हैं. अगर आप बिना लहसुन-प्याज के कुछ स्वादिष्ट और झटपट बनने वाली रेसिपी की तलाश में हैं तो आप जोधपुरी आलू ट्राई कर सकते हैं.
Advertisement
राजस्थान की यह डिश अपने खट्टे, मसालेदार और चटपटे स्वाद के लिए पसंद की जाती है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता. शेफ रणवीर बरार ने जोधपुरी आलू की आसान रेसिपी शेयर की है, जिसे आप अपने घर पर मिनटों में तैयार कर सकते हैं. जोधपुरी आलू में दही, सौंफ, अजवाइन और अमचूर का स्वाद इसे बाकी आलू की सब्जियों से अलग बनाता है. इसे आप पूरी, पराठे या रोटी के साथ परोस सकते हैं. आइए आपको इसे बनाने का स्टेप बॉय स्टेप तरीका बताते हैं.
सबसे पहले एक बर्तन में फेंटा हुआ दही लें. इसमें पानी, हल्दी और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें छिले हुए छोटे आलू डालें और मिडियम फ्लेम पर पकने दें.
अब एक कड़ाही में घी या तिल का तेल गर्म करें. इसमें जीरा, सौंफ, अजवाइन, चिल्ली फ्लेक्स और सूखी लाल मिर्च डालें. मसालों के चटकने तक इन्हें हल्का भूनें.
तड़के में बारीक कटा अदरक, हरी मिर्च और धनिए के नरम डंठल डालें. साथ ही एक चुटकी हींग डालकर कुछ सेकंड तक भूनें. इससे सब्जी में अच्छी खुशबू आने लगेगी.
अब इसमें दही वाले उबले आलू डालें और थोड़ा पानी मिलाएं. सबको अच्छी तरह मिलाकर कड़ाही को ढक दें. मिडियम फ्लेम पर करीब 3 से 4 मिनट तक पकने दें, ताकि मसाले आलू पर अच्छी तरह चढ़ जाएं.
गैस बंद करने से पहले इसमें अमचूर पाउडर और बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिलाएं. ऊपर से भुना हुआ तिल डालें. खट्टे और मसालेदार स्वाद वाले जोधपुरी आलू तैयार हैं.
पूरी-पराठे के साथ करें सर्व
जोधपुरी आलू को आप गरमागरम पूरी, पराठे या साधारण रोटी के साथ परोस सकते हैं. बिना लहसुन-प्याज के बनने वाली यह सब्जी खासतौर पर उन लोगों को पसंद आ सकती है, जिन्हें चटपटा और खट्टा स्वाद पसंद है. नवरात्र में भी आप इस तरह बिना लहसुन-प्याज की आलू की सब्जी बना सकते हैं, जो खाने में बहुत टेस्टी लगती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क