How to Keep Leftover Food Fresh: शादी-पार्टी या फिर किसी भी बड़े इवेंट में खूब सारा खाना बनाया जाता है और अक्सर ही खाना ज्यादा बन जाता है. शादी और पार्टी में बचने वाला खाना सबसे ज्यादा वेस्ट होता है, जिससे खाने का काफी नुकसान होता है. लोग यह सोचकर खाना कूड़े में फेंक देते हैं कि वो जल्दी खराब हो जाता है. शादी के खाने में कई तरह के मसाले मिलाए जाते है, जिनकी वजह से ठीक से न रखने पर दाल-सब्जी, रायता और चावलों में से बदबू आने लगती है.
लेकिन क्या आप जानते हैं कि शादी का बचा हुआ खाने को अगर आप सही से स्टोर करके रखते हैं तो वो एक ही नहीं बल्कि पूरे दो दिनों तक सुरक्षित रह सकता है. इससे आप खाने को बर्बाद होने से भी रोक सकते हैं और खाने को दोबारा खा भी सकते हैं. आइए इस आर्टिकल में हम आपको ऐसी कुछ सिंपल ट्रिक्स बताते हैं जो शादी के बचे हुए खाने को 48 घंटों तक एकदम फ्रेश रखने में आपकी मदद करेगा.
शादी-पार्टी में बचे हुए खाने को लोग घंटों तक बाहर ही छोड़ देते हैं, जिससे उसमें बैक्टीरियां पनपने लगते हैं. इसलिए अगर आपके घर में फंक्शन हो तो बचे हुए खाने को हल्का ठंडा होते ही कंटेनरों में भरकर सीधे फ्रिज में स्टोर कर दें. एक तो इससे खाने की क्वालिटी लंबे समय तक बनी रहेगी और दूसरा तापमान भी जल्दी कम होगा.
बड़े बर्तनों की बजाय बचे हुए खाने को हमेशा छोटे एयरटाइट डिब्बों में स्टोर करें. इससे खाने में नमी और बाहरी हवा नहीं पहुंचेगी, जिससे उसका टेस्ट और खुशबू लंबे समय तक बनी रहेगी. साथ ही फ्रिज की दूसरी चीजों की स्मेल भी खाने में नहीं आएगी.
हर डिश को बनाने का तरीका अलग होता है और इसलिए हर किसी को अलग-अलग ही स्टोर भी करना चाहिए. दाल, सब्जी, चावल, रायता और मिठाइयों को एक साथ रखने की बजाय अलग-अलग कंटेनरों में रखें. इससे किसी एक चीज के खराब होने पर बाकी खाना भी खराब नहीं होगा और हर डिश ज्यादा समय तक फ्रेश रहेगी.
बचे हुए खाने को हमेशा गर्म करके ही खाना चाहिए, हालांकि इस बात भी ध्यान रखें कि जब भी खाना दोबारा खाना हो, उतनी ही मात्रा निकालें जितनी जरूरत हो. खाने को अच्छी तरह गर्म करें ताकि उसका तापमान पर्याप्त बढ़ जाए. बार-बार पूरे खाने को गर्म करके वापस फ्रिज में रखना उसकी गुणवत्ता और सुरक्षा दोनों पर असर डालता है.
दही से बनी चीजें, सलाद और कटे हुए फल सबसे जल्दी खराब होते हैं, इसलिए इन्हें हमेशा अच्छी तरह ढककर फ्रिज में रखें और कोशिश करें कि 24 घंटे के अंदर ही आप इनका इस्तेमाल कर लें. वहीं सूखी मिठाइयां और अच्छी तरह पकी सब्जियां आमतौर पर 48 घंटे तक सुरक्षित रह सकती हैं, अगर उन्हें सही टेम्पेरचर पर रखा गया हो.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क