Halwai Style Khasta Puri: पूड़ी-पकौड़ियां खाना सभी को पसंद होता है. ऐसे में घरों में अक्सर पूड़ियां बनती हैं. लोग बड़े चाव से पूड़ियां बना तो लेते हैं, लेकिन घर पर इन्हें बनाते समय एक परेशानी का सामना करना पड़ता है. कड़ाही के अंदर पड़ी जो पूड़ियां फूली-फूली और क्रिस्पी लग रही होती हैं, वो कड़ाही से निकलते ही कुछ देर बाद नरम होकर पिचक जाती हैं. लेकिन हलवाई की दुकान पर, भंडारे या किसी शादी में मिलने वाली पूड़ियां बनने के घंटों बाद भी फूली-फूली और खस्ता रहती हैं.
अगर आप भी सोचते हैं कि आखिर हलवाई ऐसा कौन-सा जादू करते हैं, तो आपको जानकर हैरानी होगी कि वो पूड़ियां बनाने के लिए किसी महंगे सामान का इस्तेमाल नहीं करते हैं. बल्कि वो कुछ आसान ट्रिक्स का इस्तेमाल करते हैं, जिनकी वजह से पूड़ियां कड़ाही से निकलने के घंटों बाद भी फूली-फूली और खस्ता रहती हैं. चलिए जानते हैं हलवाई की वो ट्रिक्स जिनकी मदद से आप भी घर पर बिल्कुल शादी-भंडारे जैसी परफेक्ट पूड़ियां बना सकते हैं.
1. सही तरह से आटा गूंथना सबसे जरूरी: परफेक्ट पूड़ियां बनाने के लिए सबसे जरूरी सही तरह से आटा गूंथना होता है. पूड़ी का आटा हमेशा थोड़ा सख्त गूंथना चाहिए, अगर आटा बहुत ज्यादा सॉफ्ट होगा तो पूड़ियां तेल ज्यादा सोखती हैं और वो जल्दी ही पिचक जाती हैं.
आटा गूंथने की सबसे आसान ट्रिक ये है कि आटे में 1–2 चम्मच सूजी मिला दें. इससे पूड़ियां हल्की खस्ता बनती हैं और देर तक फूली-फूली रहती हैं. इसके साथ ही इस बात का ध्यान भी रखें कि आटा ज्यादा पहले से गूंथकर न रखें. गूंथने के 15–20 मिनट बाद ही पूड़ियां बेलना शुरू कर देना सही रहता है.
2. सही शेप और मोटाई का ध्यान रखें: पूड़ी तलने के बाद पिचकेगा या फूली हुई रहेगी ये इस बात पर भी निर्भर करता है कि उसकी मोटाई कैसी है. हलवाई जैसी पूड़ी बनाने के लिए ध्यान रखना होता है कि वो न बहुत मोटी हो और न बहुत पतली.
अगर आप बहुत पतली पूड़ी बेलते हैं, तो वो टूट सकती है. इसके साथ ही वो ठीक से फूलती नहीं है.
अगर पूड़ी बहुत मोटी रह जाती है, तो नो अंदर से कच्ची रह सकती है.
इसलिए कोशिश करें कि सारी पूड़ियां एक जैसी मोटाई और आकार की हों, ताकि वो सभी बराबर फूलें.
3. तेल का टेंपरेचर भी रखता है मायने: पूड़ी तभी अच्छी फूलती है जब तेल सही तरह से गर्म हो. अगर तेल कम गर्म होगा तो पूड़ी तेल सोख लेगी. अगर तेल हद से ज्यादा गर्म होगा तो पूड़ी खस्ता होने के बजाय जल सकती है. ऐसे में पूड़ी को कड़ाही में डालने से पहले इस बात का ध्यान रखें कि तेल ना तो ज्यादा ठंडा हो और ना ही गर्म. सही तरीका ये है कि पूरी डालते ही वो तुरंत ऊपर आ जाए और फूलने लगे.
4. तलने की सही तकनीक: पूड़ी को सेकने का भी तरीका होता है. जैसे ही पूड़ी तेल में डालें, हल्के हाथ से कलछी से उसे दबाएं. इससे गर्म तेल ऊपर तक पहुंचता है और पूड़ी अच्छे से फूल जाती है. जब पूड़ी फूल जाए, तो उसे पलटकर दोनों तरफ गोल्डन और क्रिस्पी होने तक तल लें.
हलवाई वाली खस्ता पूरियों का सीक्रेट: कुछ हलवाई आटे में थोड़ा सा गर्म तेल या हल्की मात्रा में सूजी मिलाते हैं. इससे पूड़ियां ज्यादा क्रिस्पी बनती हैं और लंबे समय तक फूली रहती हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क