घर को सजाने के लिए लोग तरह-तरह की चीजों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन घर का एक कोना ऐसा भी है जिसे अक्सर सिर्फ झाड़ू-पोछा रखने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. हम बात कर रहे हैं बालकनी की. जी हां, बहुत से लोग अपने घर की बालकनी को झाड़ू-पोछा रखने के लिए इस्तेमाल करते हैं. वो सोचते हैं कि बालकनी को खूबसूरत बनाने के लिए महंगे प्लांटर्स और पौधे खरीदने होंगे. बजट बिगड़ने के डर से वे लोग बालकनी को ऐसे ही झोड़ देते हैं. अगर आप भी ऐसा सोचते हैं, तो ये जरूरी नहीं कि आप महंगे प्लांटर्स, डेकोरेटिव लाइट्स या बाजार से महंगे डेकोरेशन आइटम खरीदकर लाएं. कई बार घर में पड़ी बेकार चीजें ही ऐसी कमाल की डेकोरेशन बन जाती हैं, जिन्हें देखकर कोई अंदाजा भी नहीं लगा सकता कि ये कबाड़ से तैयार की गई हैं.
ऐसी ही एक चीज है खाली प्लास्टिक की बोतलें. पानी, कोल्ड ड्रिंक या जूस पीने के बाद अक्सर लोग इन बोतलों को कचरे में फेंक देते हैं, लेकिन थोड़ी सी क्रिएटिविटी दिखाकर इन्हीं से रंग-बिरंगे सजावटी फूल बनाए जा सकते हैं. खास बात यह है कि इन्हें बनाने के लिए न किसी कारीगर की जरूरत है और न ही ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे. आप इन फूलों से बालकनी की खाली दीवार, रेलिंग और गार्डन के कोनों को ऐसा लुक दे सकते हैं कि देखने वाले भी इनकी तारीफ किए बिना नहीं रहेंगे. आइए जानते हैं प्लास्टिक की पुरानी बोतलों से घर पर खूबसूरत डेकोरेशन तैयार करने का आसान तरीका.
कूड़ेदान में फेंकने वाली बोतलें आएंगी काम
अक्सर घरों में खाली प्लास्टिक की बोतलें इकट्ठा हो जाती हैं. इन्हें बेकार समझकर फेंकने के बजाय आप इनका इस्तेमाल घर की डेकोरेशन के लिए कर सकते हैं. बोतल के निचले हिस्से में पहले से ही उभरा हुआ डिजाइन होता है, जो फूल की पंखुड़ियों जैसा दिखाई देता है. यही वजह है कि इससे फूल बनाना काफी आसान हो जाता है. आप अलग-अलग शेप की बोतलें लेकर छोटे-बड़े फूल तैयार कर सकते हैं. इन्हें अपने पसंदीदा रंगों से सजाकर बालकनी को एक नया और अट्रेक्टिव लुक दिया जा सकता है.
प्लास्टिक की बोतल से ऐसे बनाएं डिजाइनर फूल
1. सबसे पहले बोतल का निचला हिस्सा काटें: सबसे पहले प्लास्टिक की बोतल को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. इसके बाद उसका लेबल हटाएं और कैंची या कटर की मदद से नीचे का उभरा हुआ हिस्सा अलग कर लें. यही हिस्सा आपके फूल का बेस बनेगा.
2. कैंची से तैयार करें खूबसूरत पंखुड़ियां: अब कटे हुए हिस्से के किनारों को कैंची से थोड़ी शेप दें. आप चाहें तो पंखुड़ियों को गोल, नुकीला या घुमावदार डिजाइन दे सकते हैं. अलग-अलग डिजाइन के फूल बनाने के लिए हर बोतल के निचले हिस्से की कटिंग अलग तरीके से करें. इससे सभी फूल एक जैसे नहीं दिखेंगे और डेकोरेशन ज्यादा अट्रेक्टिव लगेगी.
3. मनपसंद रंगों से दें खूबसूरत लुक: फूल की शेप तैयार होने के बाद बारी आती है उसे कलर करने की. इसके लिए आप लाल, पीला, गुलाबी, नीला, सफेद या अपनी पसंद के दूसरे कलर्स का इस्तेमाल कर सकते हैं. चाहें तो पंखुड़ियों के किनारों पर डार्क कलर और बीच में हल्का शेड लगाएं. इससे फूलों को खूबसूरत डिजाइनर फिनिश मिलेगी. पेंट को अच्छी तरह सूखने दें.
4. बीच में लगाएं मोती या पुराना बटन: फूल को और अट्रेक्टिव बनाने के लिए उसके बीच वाले हिस्से में बड़ा मोती, पुराना बटन या डेकोरेटिव स्टोन चिपका दें. अगर आपके पास अलग-अलग रंग के बटन हैं, तो हर फूल के बीच में अलग डिजाइन बना सकते हैं. इससे साधारण प्लास्टिक का टुकड़ा भी खूबसूरत डेकोरेटिव फूल जैसा नजर आने लगेगा.
बालकनी को सजाने के लिए अपनाएं ये 3 क्रिएटिव आइडियाज
फूल तैयार करने के बाद इन्हें सिर्फ एक जगह रखने के बजाय अलग-अलग तरीकों से इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे बालकनी का लुक और भी शानदार हो जाएगा.
1. दीवार पर बनाएं रंग-बिरंगी फूलों की बेल: अगर आपकी बालकनी की कोई दीवार खाली और बेरंग है, तो वहां छोटे-बड़े प्लास्टिक के फूलों को मिलाकर बेल जैसा डिजाइन बना सकते हैं. फूलों को अलग-अलग रंगों में तैयार करें और उन्हें इस तरह लगाएं कि पूरी दीवार पर फूलों की खूबसूरत शेप बन जाए. इससे बिना पेंट या महंगे वॉल डेकोर के दीवार को नया लुक मिलेगा.
2. रेलिंग पर लगाएं खूबसूरत फूल: बालकनी की रेलिंग को सजाने के लिए भी इन फूलों का इस्तेमाल किया जा सकता है. फूलों के पीछे मजबूत धागा या तार लगाकर उन्हें रेलिंग पर फिक्स कर दें. आप चाहें तो एक ही रंग के फूल लगाएं या फिर अलग-अलग रंगों का कॉम्बिनेशन बनाएं. इससे बालकनी का साधारण सा कोना भी कलरफुल दिखाई देगा.
3. गमलों और पुराने बोर्ड को दें नया लुक: अगर आपके घर में पुराने गमले या लकड़ी का कोई बेकार बोर्ड रखा है, तो उसे भी इन फूलों की मदद से सजा सकते हैं. गमलों के बाहरी हिस्से पर छोटे फूल चिपकाएं या पुराने बोर्ड पर अलग-अलग शेप के फूलों से कोई खूबसूरत पैटर्न बनाएं. इसे बालकनी की दीवार पर लगाकर एक अलग डेकोरेशन कॉर्नर तैयार किया जा सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क