Karwa Chauth Puja Thali Decoration: करवा चौथ का त्योहार सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद खास होता है और इस साल 29 अक्टूबर को करवा चौथ का व्रत रखा जाएगा. इस दिन महिलाएं सिर्फ व्रत नहीं रखती हैं बल्कि सोलह शृंगार करती हैं और चांद देखने के बाद पूजा करके अपना अपना व्रत खोलती हैं. इस मौके पर कपड़ों और जूलरी के साथ पूजा की थाली का भी खास महत्व होता है. यही वजह है कि बाजार में सजावटी थालियां बेहद महंगी बिकती हैं.
लेकिन हर साल बाजार से महंगी थालियां खरीदने की जरूरत नहीं है, इस बार घर पर ही अपनी पूजा की थाली सजा सकती हैं. इसके लिए आपको महंगी चीजें खरीदने की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद सामान और डेकोरेशन की चीजों से आप आसानी से अपने घर पर ही अपनी पूजा की थाली को सुंदर तरीके से सजा सकते हैं.
लाल और गोल्डन कलर से सजाएं थाली
करवा चौथ पर लाल रंग को शुभ माना जाता है, ऐसे में आप स्टील या पीतल की साधारण थाली को लाल और गोल्डन कलर से पेंट कर सकती हैं. इसके लिए थाली के किनारों पर सुनहरी गोटा-पट्टी या चमकीली लेस चिपका दें. बीच में लाल रंग का कपड़ा बिछाएं और उसके ऊपर पूजा की सामग्री रखें. चाहें तो थाली के किनारों पर छोटे-छोटे मोती भी लगा सकती हैं. इससे साधारण थाली को पारंपरिक और सुंदर लुक मिलेगा.
फूलों से करें पूजा की थाली की सजावट
अगर आपको ज्यादा तामझाम नहीं बल्कि नेचुरल डेकोरेशन पसंद है तो आप फूलों से अपनी करवा चौथ की थाली सजा सकते हैं. इसके लिए आप फ्रेश गुलाब की पखुड़ियां, गेंदे के फूल, हरी-हरी पत्तियां और अलग-अलग तरह के फूलों से अपनी सिंपल थाली को नया लुक दे सकते हैं. आप चाहे तो फूलों की माला बनाकर थाली की किनारों पर लगा सकते हैं और बीच में दिए रखने वाली जगह पर गुलाब की पंखुड़ियां सजा दें.
मोती और कुंदन से दें डिजाइनर लुक
अगर आप अपनी पूजा की थाली को थोड़ा डिजाइनर लुक देना चाहते हैं, तो पर्ल्स, कुंदन और छोटे नगों का इस्तेमाल कर सकते हैं. सबसे पहले थाली को अच्छी तरह साफ करके सुखा लें. अब इसके किनारों पर मोतियों की लड़ियां लगाएं और बीच में कुंदन से फूल या गोल डिजाइन बनाएं. थाली को और अट्रैक्टिव बनाने के लिए लाल या मैरून कलर का कपड़ा भी लगा सकते हैं. बस इस बात का खास ध्यान रखें कि सारी चीजें अच्छी तरह से सेट हो और थोड़ी देर में दीए वगैरा में न लगे.
दीये और छोटी कटोरियों से थाली को दें नया लुक
करवा चौथ की थाली को दीये और छोटी कटोरियों से भी नया लुक दे सकते हैं. पूजा की थाली में दीया, रोली, चावल और दूसरी जरूरी सामग्री रखने के लिए छोटी-छोटी कटोरियां रख सकती हैं. हालांकि थाली में सारी एक जैसी ही कटोरियां रखें, क्योंकि वो दिखने में बहुत सुंदर लगती हैं. आप चाहे तो थाली के किनारे में कलरफुल या लाल रंग का कपड़ा भी लगा सकते हैं, जो थाली को बिल्कुल बाजार जैसा लुक देगा.
रंगोली और मिरर वर्क से बनाएं खास थाली
अगर आप कुछ नया आजमाना चाहते हैं, तो थाली पर रंगोली से प्रेरित डिजाइन बना सकती हैं. इसके लिए डेकोरेटिव कलर्स, छोटे शीशों या मिरर वर्क वाली लेस का इस्तेमाल करें. थाली के बीच में फूलों जैसा डिजाइन बनाएं और उसके चारों ओर छोटे शीशे या गोल्डन पट्टी लगाएं. अगर थाली पर सीधे कलर नहीं लगाना चाहती हैं, तो उसके शेप के अनुसार कार्डबोर्ड या मोटे कागज पर डिजाइन बनाकर उसे थाली में रख सकती हैं. इससे बाद में थाली से सजावट हटाने में भी समय नहीं लगेगा और मिनटों में थाली पहले जैसी हो जाएगी.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क