ज़ंग लगे कनस्तर और टूटी टाइल्स से बनाएं लग्जरी कॉफी टेबल, दिवाली पर घर को मिलेगा शानदार लुक

दिवाली पर घर को सजाने के लिए महंगी कॉफी टेबल खरीदने की जरूरत नहीं है. आप पुराने ज़ंग लगे पुराने कनस्तर और टूटी टाइल्स से घर पर खूबसूरत डिजाइनर टेबल बना सकते हैं. इसका तरीका बहुत ही आसान है. इसे बालकनी में रखने या पौधे सजाने के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

Advertisement
पुराने कनस्तर और टूटी टाइल्स से कॉफी टेबल बनाने के लिए ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती है. (Photo: ITG) पुराने कनस्तर और टूटी टाइल्स से कॉफी टेबल बनाने के लिए ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती है. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 29 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:18 PM IST

दिवाली पर घर को सजाने के लिए जरूरी नहीं कि आप बाजार से महंगे शोपीस, फर्नीचर या डेकोरेशन का सामान खरीदें. कई बार घर के कोने में बेकार पड़ी चीजें भी इतनी खूबसूरत बन सकती हैं कि देखने वाले तारीफ करते नहीं थकेंगे. अब जरा सोचिए, जिस पुराने जंग लगे कनस्तर को आप कबाड़ समझकर फेंकने की सोच रहे हैं, उससे एक शानदार कॉफी टेबल बनाई जा सकती है. इतना ही नहीं, घर में बची हुई टूटी टाइल्स भी इस टेबल को मॉडर्न और लग्जरी लुक देने के काम आ सकती हैं.

 जी हां, पुराने कनस्तर और टाइल्स के टुकड़ों की मदद से बेहद खूबसूरत कॉफी टेबल तैयार की जा सकती है, वो भी बिना ज्यादा खर्चा किए. ये देखने में बेहद सुंदर लगती है. आप इसे पौधे रखने वाली टेबल के रूप में भी इस्तेमाल कर सकते हैं. सबसे अच्छी बात ये है कि इसके लिए आपको नया फर्नीचर खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी. अगर आपके घर में भी पुराने कनस्तर और बची हुई टाइल्स रखी हैं, तो इस दिवाली उन्हें फेंकने के बजाय उनसे अपने घर के लिए एक शानदार टेबल बना सकते हैं.

कॉफी टेबल बनाने के लिए क्या-क्या सामान चाहिए?
इस खूबसूरत कॉफी टेबल को बनाने के लिए आपको कुछ बहुत ही साधारण सी चीजों की जरूरत होगी. इनमें से कई सामान घर पर पहले से मौजूद हो सकते हैं.

Advertisement
  • पुराना लोहे का कनस्तर 
  • टूटी हुई टाइल्स 
  • वाइट जैसो 
  • टाइल एडहेसिव (टाइल्स चिपकाने वाली ग्लू) 
  • वाइट पुट्टी या ग्राउट 
  • लकड़ी का बोर्ड या मजबूत ट्रे 
  • पेंट और ब्रश 
  • क्लियर रेजिन  
  • एपॉक्सी एडहेसिव 
  • गीला स्पंज और साफ कपड़ा 
  • सैंडपेपर, दस्ताने और चश्मा 

बनाने का तरीका:

1. कॉफी टेबल बनाने के लिए सबसे पहले एक पुराना कनस्तर लें. हालांकि, ध्यान रखें कि कनस्तर मजबूत हो और उसमें कोई छेद या बहुत ज्यादा जंग न लगा हो. 

2. अब कनस्तर से जंग, धूल और गंदगी को सैंडपेपर की मदद से साफ करें. इसके बाद उस पर मेटल के लिए प्राइमर लगाएं. अगर आप वाइट जेसो इस्तेमाल कर रहे हैं, तो पहले चेक कर लें कि वो कनस्तर पर लगाने के लिए सही है या नहीं. प्राइमर सूख जाने के बाद कनस्तर पर सफेद बेस तैयार हो जाएगा, जिस पर टाइल्स के टुकड़े खूबसूरती से नजर आएंगे.

3. अब टेबल को अट्रेक्टिव बनाने की बारी है. इसके लिए टूटी हुई टाइल्स के छोटे-छोटे टुकड़े लें. आप चाहें तो घर में पहले से टूटे टाइल्स का इस्तेमाल कर सकते हैं. अगर टाइल्स तोड़ने की जरूरत पड़े, तो उन्हें कपड़े में लपेटकर चश्मा पहनने के बाद ही ऐसा करें, ताकि उनके नुकीले टुकड़े आंखों या हाथों को नुकसान न पहुंचाएं.

4. इसके बाद कनस्तर के बाहर की तरफ टाइल एडहेसिव लगाएं और टाइल्स के टुकड़ों को अपने पसंदीदा पैटर्न में चिपकाते जाएं. आप अलग-अलग रंगों के टुकड़ों से मोजेक डिजाइन बना सकते हैं. कोशिश करें कि टाइल्स के बीच की दूरी लगभग बराबर रहे, ताकि तैयार टेबल साफ-सुथरी और डिजाइनर दिखाई दे.

5. जब टाइल्स अच्छी तरह चिपक जाएं, तो एडहेसिव को सूखने दें. इसके बाद टाइल्स के बीच बची खाली जगहों को वाइट ग्राउट या टाइल फिलर से भरें. इससे कनस्तर की पर बना डिजाइन उभरकर आएगा और टेबल को अच्छी फिनिश मिलेगी.

6. अब गीले स्पंज की मदद से टाइल्स के ऊपर लगी एक्स्ट्रा पुट्टी या ग्राउट को ध्यान से साफ कर दें. ध्यान रखें कि सफाई करते समय टाइल्स अपनी जगह से न हिलें. इसके बाद अच्छी तरह सूखने दें. इस स्टेप के बाद आपका पुराना कनस्तर एकदम नए और डिजाइनर फर्नीचर जैसा दिखने लगेगा.

7. अब टेबल के ऊपर के हिस्से को तैयार करने के लिए एक मजबूत लकड़ी का बोर्ड या ट्रे लें, जिसकी शेप कनस्तर के हिसाब से हो. बोर्ड पर पहले पेंसिल से बराबर आकार के चौकोर खाने बना लें. फिर एक खाने को काला और दूसरे को सफेद या अपनी पसंद के कलर में पेंट करके चेस बोर्ड जैसा पैटर्न तैयार करें.

8. डिजाइन सूखने के बाद जरूरत के मुताबिक लकड़ी के लिए  क्लियर कोट या रेजिन लगाएं, ताकि उसे अच्छी फिनिश मिल सके. रेजिन का इस्तेमाल करते समय उसके इंस्ट्रक्शंस फॉलो करें और ये इस्तेमाल करते समय ऐसी जगह बैठे जहां हवा आए. अब बोर्ड को तब तक सूखने दें, जब तक वह पूरी तरह तैयार न हो जाए.

9. जब कनस्तर और लकड़ी का बोर्ड पूरी तरह सूख जाएं, तो दोनों को आपस में जोड़ने का काम करें. इसके लिए अरेडाइट जैसे दो हिस्सों वाले एपॉक्सी एडहेसिव का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसे पैकेट पर दिए गए इंस्ट्रक्शंस के मुताबिक मिलाएं.

10. अब कनस्तर के ऊपरी किनारे पर एडहेसिव लगाएं और उसके ऊपर लकड़ी के बोर्ड को ध्यान से रखें. बोर्ड को हल्के से दबाकर सही जगह पर सेट कर दें. इसके बाद एडहेसिव को इंस्ट्रक्शंस के मुताबिक पूरी तरह सेट और क्योर होने दें. ध्यान रखें कि कुछ एडहेसिव जल्दी पकड़ बना लेते हैं, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि वे तुरंत पूरा वजन उठाने के लिए तैयार हो जाते हैं.

Advertisement


11. बस, आपका पुराना कनस्तर अब एक खूबसूरत कॉफी टेबल में बदल चुका है. टाइल्स से सजा इसका बेस और ऊपर बना चेस बोर्ड डिजाइन इसे मॉडर्न लुक देता है. आप इसे बालकनी, बरामदे या घर के किसी खाली कोने में रख सकते हैं.  

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »