Diwali Balcony Decoration Ideas: दिवाली पर बालकनी को बनाएं घर का सबसे खूबसूरत कोना, रंग-बिरंगी झालरों से सजाने के 5 तरीके

Diwali Balcony Decoration Ideas: दिवाली की सजावट में अक्सर बालकनी पीछे छूट जाती है. लेकिन थोड़ी सी समझदारी से आप बालकनी को बिना महंगे सामान के घर का सबसे खूबसूरत कोना बना सकते हैं. रंग-बिरंगी झालरों और लाइटों के इन 5 आसान तरीकों से अपनी छोटी या बड़ी बालकनी को आप शानदार लुक दे सकते हैं.

Advertisement
झालरों से बालकनी को सजाने के लिए अलग-अलग पैटर्न्स अपना सकते हैं. (Photo: ITG) झालरों से बालकनी को सजाने के लिए अलग-अलग पैटर्न्स अपना सकते हैं. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 24 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:00 PM IST

Diwali Balcony Decoration Ideas: दिवाली पर साफ-सफाई करने के साथ ही लोग अपने घरों को खूब सजाते भी हैं. आलम ये रहता है कि घर के हर कोने को सजाने की तैयारी होती है. कोई दरवाजे पर फूलों का तोरण लगाता है, तो कोई रंगोली और दीयों से घर को रोशन करता है. लेकिन घर की बालकनी को अक्सर सजावट के दौरान नजरअंदाज कर दिया जाता है. वहां सिर्फ कुछ दीये रख दिए जाते हैं या फिर रंगोली बना दी जाती है. जबकि थोड़ी-सी मेहनत और रंग-बिरंगी लाइटों की मदद से बालकनी को इतना खूबसूरत बनाया जा सकता है कि शाम होते ही पूरा घर जगमगा उठे.

खास बात ये है कि इसके लिए महंगे डेकोरेशन का सामान खरीदने की जरूरत भी नहीं है. सही तरीके से झालर लगाकर आप छोटी-सी बालकनी को भी शानदार फेस्टिव लुक दे सकते हैं. अगर आप भी इस दिवाली अपनी बालकनी को कुछ नया और अट्रेक्टिव लुक देना चाहते हैं, तो रंग-बिरंगी झालरों से सजावट के ये 5 तरीके आपके काम आ सकते हैं. चलिए जानते हैं वो तरीके क्या हैं.

1. बालकनी की रेलिंग पर लगाएं रंग-बिरंगी झालर: बालकनी को सजाने का सबसे आसान तरीका उसकी रेलिंग पर लाइटों की झालर लगाना है. इसके लिए आप लाल, पीली, नीली और हरी रोशनी वाली झालर चुन सकते हैं. झालर को रेलिंग पर बिल्कुल सीधा लगाने के बजाय हल्के घुमाव में लगाएं. इससे डेकोरेशन ज्यादा खूबसूरत दिखाई देगी और बालकनी को अट्रेक्टिव लुक मिलेगा.

Advertisement

अगर आपको बहुत ज्यादा चमक-दमक पसंद नहीं है, तो गर्म पीली रोशनी वाली झालर लगा सकते हैं. इसकी रोशनी बालकनी को सादगी के साथ खूबसूरत बना सकती है.

2. पर्दे जैसी लाइटों से बालकनी को दें खास लुक: अगर आप चाहते हैं कि दिवाली पर आपकी बालकनी सबसे अलग दिखे, तो पर्दे जैसी नीचे लटकने वाली लाइटों का इस्तेमाल कर सकते हैं. इन्हें बालकनी की छत या ऊपरी किनारे पर लगाकर नीचे की तरफ लटकाया जा सकता है.

इस तरह की झालर जलने पर ऐसा लगता है, जैसे रोशनी का पर्दा लगा हो. शाम के समय ये डेकोरेशन बहुत अट्रेक्टिव लगती है. आप अपनी बालकनी के आकार के हिसाब से छोटी या बड़ी लाइटों वाली झालर चुन सकते हैं.

3. दीवारों पर बनाएं दिल और सितारों के डिजाइन: बालकनी की दीवारें खाली हैं, तो उन्हें सजाने के लिए भी झालरों का इस्तेमाल किया जा सकता है. दीवारों के किनारों पर लाइटें लगाकर बालकनी के डिजाइन को उभारा जा सकता है. इसके अलावा, आप लाइटों को दिल, सितारे या अपनी पसंद के किसी दूसरी शेप में भी लगा सकते हैं.

Advertisement

छोटी बालकनी के लिए ये तरीका खासतौर पर अच्छा है, क्योंकि इसमें ज्यादा जगह घेरे बिना सजावट की जा सकती है. हल्की पीली या सफेद रोशनी वाली लाइटें लगाने से बालकनी साफ-सुथरी और स्टाइलिश नजर आएगी.

4. पौधों और गमलों को भी करें रोशन: अगर आपकी बालकनी में तरह-तरह के पौधे लगे हैं, तो इस दिवाली उन्हें भी डेकोरेशन का हिस्सा बना सकते हैं. गमलों के आसपास या रेलिंग के पास छोटी एलईडी झालर लगाई जा सकती है. इससे पौधों की हरियाली और लाइटों की चमक मिलकर बालकनी को खास लुक देगी.

आप गमलों के किनारों पर भी हल्की लाइटें लगा सकते हैं. हालांकि, ध्यान रखें कि लाइटों की तारें पत्तियों और मिट्टी में उलझें नहीं. पौधों में पानी देते वक्त ध्यान रखें कि बिजली के कनेक्शन में पानी ना जा पाए.

5. बालकनी के दरवाजे को सजाकर बनाएं एंट्री खास: बालकनी के दरवाजे को सजाने से भी पूरे हिस्से का लुक बदल सकता है. इसके लिए दरवाजे के ऊपर और दोनों तरफ रंग-बिरंगी झालर लगाएं. अगर बालकनी में कांच का स्लाइडिंग दरवाजा है, तो उसके फ्रेम के आसपास हल्की रोशनी वाली लाइटें लगा सकते हैं.

डेकोरेशन को और खूबसूरत बनाने के लिए दरवाजे के पास एक छोटा डेकोरेटिव लालटेन या एलईडी दीपक भी रख सकते हैं. इससे बालकनी की एंट्री खूबसूरत बन जाती है और दिवाली की सजावट में चार चांद लग जाएंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »