Advertisement

होम केयर & डेकोर

बाजार से महंगी चीजें लाने के बाद भी नहीं मिलता खूबसूरत लुक? दिवाली पर अपनाएं ये 6 तरीके, मिलेगा रॉयल लुक

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क
  • नई दिल्ली,
  • 02 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 8:24 PM IST
  • 1/7

दिवाली पर घर को सजाने की बात हो, तो ज्यादातर लोग सबसे पहले बाजार से झालर, दीये और तरह-तरह के शोपीस खरीदने निकल पड़ते हैं. लेकिन कई बार ढेर सारी चीजें खरीदने के बाद भी घर को वह खूबसूरत लुक नहीं मिल पाता, जिसकी उम्मीद होती है. लोग सोचते हैं कि वो बाजार से अच्छी और सुंदर चीजें नहीं खरीद पाए हैं इसलिए उनका घर दूसरों जैसा खूबसूरत नहीं लग पा रहा है. क्या आप भी ऐसा ही सोचते हैं? अगर हां, तो आप गलत हैं. 

घर कम सुंदर लगने की वजह डेकोरेशन में सही चीजों का तालमेल न होना होता है. इस बार क्यों न घर को कुछ ऐसा अंदाज दिया जाए, जो ट्रेडिशनल होने के साथ मॉडर्न और रॉयल भी लगे. इसके लिए आपको घर की हर दीवार या कोने को सजाने के लिए महंगी चीजों की जरूरत नहीं है. गेंदे के फूलों की लड़ियों, डिजाइनर लालटेन, खूबसूरत तोरण और ब्रास प्लांटर्स जैसी चीजों से आप अपने आशियाने को बिल्कुल नया लुक दे सकते हैं. खास बात यह है कि इनमें से कई डेकोरेशन आइटम दिवाली के बाद भी आपके घर की खूबसूरती बढ़ाते रहेंगे.

  • 2/7

1. गेंदे के फूलों से सजाएं घर 
दिवाली की डेकोरेशन में गेंदे के फूलों की बात ही कुछ अलग होती है. पीले और नारंगी रंग के ये फूल घर में त्योहार जैसा माहौल बनाने के साथ सजावट को ट्रेडिशनल खूबसूरती भी देते हैं. आप मेन गेट से लेकर पूजा घर, लिविंग रूम और बालकनी तक गेंदे के फूलों की लंबी लड़ियां लगा सकते हैं. अगर इनके बीच छोटी-छोटी फेयरी लाइट्स लगा दी जाएं, तो रात के समय इनकी खूबसूरती और बढ़ जाती है. फूलों के साथ आम या अशोक के पत्तों का इस्तेमाल करके भी डेकोरेशन को खास बनाया जा सकता है.

  • 3/7

2. हैंगिंग लालटेन से घर को दें विंटेज और क्लासी टच
अगर आप इस बार घर की डेकोरेशन में कुछ नया करना चाहते हैं, तो हैंगिंग लालटेन को जरूर शामिल करें. मेटल, कांच और कलर्ड डिजाइन वाली ये लालटेन घर को विंटेज के साथ रॉयल लुक देती हैं. इन्हें बालकनी, लिविंग रूम, छत या घर के किसी खाली कोने में लटकाया जा सकता है. बाजार में एलईडी लाइट वाली लालटेन भी आसानी से मिल जाती हैं. इनकी खासियत ये है कि इन्हें सिर्फ दिवाली ही नहीं, बल्कि दूसरे त्योहारों और खास मौकों पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है.

Advertisement
  • 4/7

3. मेन गेट पर लगाएं डिजाइनर तोरण 
घर में आने वाला हर मेहमान सबसे पहले मुख्य दरवाजे को ही देखता है. ऐसे में इस दिवाली एंट्री गेट को खास तरीके से सजाना न भूलें. इसके लिए गेंदे के फूलों, आम के पत्तों और मोतियों से बने खूबसूरत तोरण का इस्तेमाल कर सकते हैं. अगर आप बाजार से तैयार तोरण नहीं खरीदना चाहते, तो पुरानी चूड़ियों, रंगीन कागज, धागों और फूलों की मदद से घर पर ही इसे तैयार कर सकते हैं. दरवाजे के दोनों तरफ छोटी हैंगिंग या लाइट्स लगाने से एंट्री गेट और भी अट्रेक्टिव नजर आएगा.

  • 5/7

4. कमल के फूलों वाली हैंगिंग से दीवारों को बनाएं खूबसूरत
दिवाली पर घर की दीवारों को भी डेकोरेशन का हिस्सा बनाया जा सकता है. इसके लिए कमल के फूलों के डिजाइन वाली हैंगिंग एक अच्छा ऑप्शन हो सकती हैं. इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म्स तक पर ये बहुत ज्यादा ट्रेंड कर रही हैं. गुलाबी, लाल, पीले और गोल्डन कलर्स में मिलने वाली ये हैंगिंग दीवारों को खूबसूरत लुक देती हैं. इन्हें लिविंग रूम, दरवाजे के दोनों किनारों या बालकनी में लगाया जा सकता है. आप चाहें तो कलर्ड पेपर्स, कार्डबोर्ड और पुरानी चूड़ियों की मदद से इन्हें घर पर भी बना सकते हैं. इससे कम खर्च में घर को एक अलग और क्रिएटिव लुक मिलेगा.

  • 6/7

5. फेयरी लाइट्स और एलईडी दीयों से जगमगाएं हर कोना
दिवाली का त्योहार रोशनी के बिना अधूरा लगता है. ऐसे में घर की डेकोरेशन के लिए फेयरी लाइट्स और एलईडी दीये काफी अच्छे ऑप्शन हैं. इन्हें बालकनी की रेलिंग, खिड़कियों, पर्दों, मंदिर और लिविंग रूम में इस्तेमाल किया जा सकता है. वहीं, एलईडी दीयों को घर के छोटे-छोटे कोनों और डेकोरेटिव टेबल पर रखकर खूबसूरत लुक दिया जा सकता है. इनका फायदा ये है कि इन्हें बार-बार इस्तेमाल किया जा सकता है और असली दीयों की तरह तेल भरने या बाती बदलने की जरूरत भी नहीं पड़ती.

Advertisement
  • 7/7

6. ब्रास प्लांटर्स से घर में लाएं रॉयल अंदाज
अगर आप चाहते हैं कि दिवाली के बाद भी घर की डेकोरेशन वैसी ही खूबसूरत बनी रहे, तो ब्रास यानी पीतल के प्लांटर्स को डेकोरेशन का हिस्सा बना सकते हैं. गोल्डन कलर के ये प्लांटर्स घर को काफी क्लासी और रॉयल लुक देते हैं. इनमें मनी प्लांट, स्नेक प्लांट और दूसरे डेकोरेटिव पौधे लगाकर लिविंग रूम, बालकनी, सीढ़ियों या मुख्य दरवाजे के पास रखा जा सकता है. पीतल की चमक और हरे पौधों का कॉम्बिनेशन घर को नेचुरल और एस्थेटिक लुक देता है. खास बात यह है कि इनका इस्तेमाल दिवाली के बाद भी पूरे साल किया जा सकता है.

Advertisement
Advertisement