दिवाली का मौका हो और बॉलीवुड में दिवाली पार्टी ना रखी जाएं, ऐसा भला कैसे हो सकता है. इन दिनों फिल्मी गलियारों में दिवाली पार्टियों की रौनक देखने को मिल रही है. इन पार्टीज में बॉलीवुड सेलेब्स एक से बढ़कर एक आउटफिट्स पहनकर पहुंच रहे हैं. कोई अपने शाही एथनिक अंदाज से महफिल लूट रहा है तो किसी का ग्लैमरस लुक चर्चा में है. 3 नवंबर 2026 को फिल्म निर्माता रमेश तौरानी की दिवाली पार्टी में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला. सलमान खान, रवीना टंडन, शिल्पा शेट्टी, मृणाल ठाकुर और अदिति राव हैदरी समेत कई सितारे इस जश्न का हिस्सा बने. लेकिन इन सबके बीच एक एक्ट्रेस ने अपने खूबसूरत ट्रेडिशनल अंदाज से खास ध्यान खींचा. ये थीं एक्ट्रेस रवीना टंडन की बेटी और एक्ट्रेस राशा थडानी.
राशा ने इस मौके पर न तो कोई चमक-धमक वाला वेस्टर्न आउटफिट चुना और न ही अपने लुक को जरूरत से ज्यादा हैवी बनाया. उन्होंने रॉयल ब्लू लहंगे और ट्रेडिशनल जूलरी का ऐसा कॉम्बिनेशन बनाया कि उनका पूरा अंदाज बेहद शाही नजर आया. खास बात यह रही कि उनके आउटफिट से लेकर हेयरस्टाइल और मेकअप तक हर चीज एक-दूसरे के साथ खूबसूरती से मैच कर रही थी. उनके लुक में ग्लैमर का तड़का लगाने का काम उनकी चोली ने किया. चलिए देखते हैं राशा ने क्या पहना.
रॉयल ब्लू लहंगे में दिखा राशा का शाही अंदाज
राशा ने दिवाली पार्टी के लिए नेवी ब्लू कलर का खूबसूरत लहंगा सेट पहना था. इस लहंगे की सबसे खास बात इसका कलर और उस पर की गई बारीक गोल्ड जरी एम्ब्रॉयडरी थी. नीले रंग के साथ गोल्डन कढ़ाई का कॉम्बिनेशन आउटफिट को रॉयल टच दे रहा था. लहंगे पर जगह-जगह किए गए ट्रेडिशनल मोटिफ्स और गोल्डन वर्क इसकी खूबसूरती को और बढ़ा रहे थे.
इस आउटफिट का कलर ऐसा था जो पार्टी की लाइट्स में अलग ही चमक बिखेर रहा था. राशा ने इस लहंगे के जरिए दिखाया कि फेस्टिव मौकों पर हमेशा लाल, गुलाबी या पीले कलर को सिलेक्ट करना जरूरी नहीं है. डार्क ब्लू कलर भी ट्रेडिशनल लुक को बेहद खूबसूरत और एलिगेंट बना सकता है.
कुर्ता स्टाइल ब्लाउज ने आउटफिट को दिया मॉडर्न टच
राशा के लहंगे का ब्लाउज भी काफी खास था. उन्हों स्कूप नेकलाइन डिजाइन वाला स्लीवलेस कुर्ता स्टाइल चोली ब्लाउज पहना था. ब्लाउज का पैटर्न ट्रेडिशनल होने के साथ मॉडर्न भी लग रहा था. इसके बॉर्डर पर गोल्डन गोटा-पट्टी और खूबसूरत हैंगिंग डिटेलिंग की गई थी, जो इसे बाकी लहंगों से थोड़ा अलग बना रही थी.
ब्लाउज की बैक डिजाइन भी उनके लुक का खास हिस्सा थी. पीछे की तरफ डोरी और लटकन वाली डिटेलिंग दी गई थी. इस डिजाइन ने आउटफिट में हल्का ग्लैमरस टच जोड़ दिया. यानी सामने से जहां ब्लाउज ट्रेडिशनल और एलिगेंट दिख रहा था, वहीं पीछे की डिजाइन इसे थोड़ा स्टाइलिश और मॉडर्न बना रही थी.
घेरदार स्कर्ट और ऑर्गेंजा दुपट्टे ने बढ़ाई खूबसूरती
लहंगे की स्कर्ट को खूबसूरत फ्लेयर्ड डिजाइन में तैयार किया गया था. इसका घेरदार पैटर्न चलते समय काफी ग्रेसफुल नजर आ रहा था. स्कर्ट के निचले हिस्से पर हैवी गोल्डन मोटिफ्स और जरी का काम किया गया था, जो पूरे आउटफिट को एक रिच फेस्टिव लुक दे रहा था.
इसके साथ राशा ने मैचिंग ऑर्गेंजा दुपट्टा कैरी किया था. हल्के और ट्रांसपेरेंट फैब्रिक वाले इस दुपट्टे पर गोल्डन लेस बॉर्डर और मिरर वर्क किया गया था. दुपट्टे का खूबसूरत बॉर्डर डिटेलिंग ने लहंगे की कढ़ाई को और उभार दिया. इसे कैरी करने का अंदाज भी काफी सधा हुआ था, जिससे आउटफिट का पूरा लुक निखरकर सामने आया.
झुमके, रिंग्स और हील्स से पूरा किया लुक
किसी भी एथनिक आउटफिट की खूबसूरती को बढ़ाने में जूलरी भी काम आती है और राशा ने इसका खास ध्यान रखा. उन्होंने कानों में खूबसूरत स्टेटमेंट झुमकियां पहनी थीं, जो उनके ट्रेडिशनल लहंगे के साथ खूब जंच रही थीं.
राशा ने अपने लुक को एलिवेट करने के लिए हाथों में कॉकटेल रिंग्स और ब्रेसलेट कैरी किए. उन्होंने एक्सेसरीज को जरूरत से ज्यादा हैवी नहीं रखा, जिससे लहंगे की गोल्डन कढ़ाई और जूलरी दोनों को अपनी जगह मिल सकी. पैरों में स्टाइलिश हील्स पहनकर उन्होंने अपने पूरे लुक को कंप्लीट किया.
गजरे वाले बन और कोल आईज ने खींचा ध्यान
राशा के हेयरस्टाइल और मेकअप की बात करें तो उन्होंने बालों को बीच से मांग निकालकर पीछे की तरफ अच्छी तरह सेट किया था और एक स्लीक बन बनाया. इस बन को सफेद फूलों के गजरे से सजाया गया था. गहरे नीले लहंगे के साथ सफेद गजरे का कॉम्बिनेशन बेहद खूबसूरत लग रहा था.
मेकअप की बात करें तो उन्होंने चेहरे पर मिनिमल बेस रखा. आंखों को कोल से हाइलाइट किया और मस्कारा लगाकर आई मेकअप को उभारा. होंठों पर न्यूड लिप शेड लगाया, जिससे उनका मेकअप सॉफ्ट और नेचुरल नजर आया. माथे पर छोटी सी बिंदी ने उनके पूरे इंडियन लुक में चार चांद लगा दिए.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क