अगर आपने कभी फ्लाइट में सफर किया है, तो शायद एक बात नोटिस की होगी. कई बार एयर होस्टेस किसी यात्री को पानी देते समय गिलास इस तरह लेकर चलती हैं कि दूसरे यात्रियों की नजर उस पर न पड़े. पहली नजर में यह अजीब लग सकता है, लेकिन इसके पीछे एक दिलचस्प वजह छिपी है. 14 साल से फ्लाइट अटेंडेंट के तौर पर काम कर रहीं बारबरा बैसिलिएरी ने इसका खुलासा किया है.
अर्जेंटीना में जन्मीं और अब स्पेन में रहने वाली बारबरा, जिन्हें सोशल मीडिया पर बार्बी बैक के नाम से जाना जाता है. उन्होंने अपने टिकटॉक और यूट्यूब चैनल पर बताया कि जब कोई यात्री पानी मांगता है, तो केबिन क्रू कई बार कोशिश करता है कि दूसरे यात्रियों की नजर उस गिलास पर न पड़े.
फ्लाइट अटेंडेंट ने क्या बताया
बारबरा के मुताबिक, इसकी वजह बेहद दिलचस्प है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा-Water is contagious यानी 'पानी भी संक्रामक होता है'. उनका कहना है कि जैसे ही दूसरे यात्रियों की नजर किसी के हाथ में पानी के गिलास पर पड़ती है, कई लोग तुरंत खुद भी पानी मांगने लगते हैं. इसके बाद एक के बाद एक पानी की डिमांड शुरू हो जाती है.
यह भी पढ़ें: एयर होस्टेस ने बताया, प्लेन में सबसे गंदी जगह कौन-सी होती है, वजह भी जान लीजिए
उन्होंने बताया कि खासकर लंबी दूरी की उड़ानों में ऐसा होने पर पूरे फूड और बेवरेज सर्विस का क्रम प्रभावित हो सकता है. इसी वजह से कई फ्लाइट अटेंडेंट अपने अनुभव के आधार पर पानी का गिलास थोड़ा छिपाकर ले जाना बेहतर समझते हैं.
हालांकि, बारबरा ने यह भी साफ किया कि यह किसी एयरलाइन का आधिकारिक नियम या लिखित नीति नहीं है. यह सिर्फ एक व्यावहारिक तरीका है, जिसे केबिन क्रू अपने अनुभव से अपनाता है ताकि सभी यात्रियों तक भोजन और पेय सेवा समय पर पहुंच सके.
यह भी पढ़ें: फ्लाइट के गेट पर एयर होस्टेस मुस्कुराकर आपका स्वागत क्यों करती हैं? जानिए वजह
एयर होस्टेस का सीक्रेट!
बारबरा ने यात्रियों को एक सलाह भी दी. उनका कहना है कि अगर फ्लाइट में मुफ्त पानी उपलब्ध है और आपको पानी चाहिए, तो बार-बार कॉल बटन दबाने की बजाय मौका मिलने पर शांति से गैली में जाकर केबिन क्रू से पानी मांग सकते हैं. इससे क्रू पर अतिरिक्त दबाव भी नहीं पड़ता और सेवा भी सुचारु रहती है.
बारबरा ने बजट एयरलाइन रयानएयर (Ryanair) में सीट चुनने को लेकर भी सुझाव दिए. विमान की आखिरी पंक्ति की सीटों से बचने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि वहां शौचालय और गैली के पास लगातार लोगों की आवाजाही, शोर, बातचीत और कई बार बदबू भी परेशानी का कारण बन सकती है. इसके अलावा कई विमानों में पीछे की सीटें पूरी तरह पीछे नहीं झुकतीं, जिससे लंबी उड़ान और असहज हो सकती है.
aajtak.in