अगर कोई आपसे कहे कि दुनिया में एक ऐसा झरना है, जिसका पानी पीते ही इंसान फिर से जवान हो जाता है और कभी बूढ़ा नहीं होता, तो शायद आप इसे किसी फिल्म या परीकथा की कहानी समझेंगे. हैरानी की बात यह है कि ऐसी जगह की कहानी हजारों सालों से दुनिया की अलग-अलग सभ्यताओं में सुनाई जाती रही है. इसे 'फाउंटेन ऑफ यूथ' यानी 'यौवन का झरना' कहा जाता है.
सवाल यह है कि क्या सचमुच ऐसा कोई झरना कभी था या यह सिर्फ एक मिथक है? आइए जानते हैं इसके पीछे की पूरी कहानी. किंवदंतियों के मुताबिक, फाउंटेन ऑफ यूथ एक ऐसा जादुई झरना है, जिसका पानी पीने या उसमें स्नान करने से इंसान फिर से जवान हो जाता है. कहा जाता है कि इस पानी में इतनी अद्भुत शक्ति होती है कि यह उम्र बढ़ने के असर को खत्म कर देती है और लंबी उम्र का वरदान देती है. इसी वजह से सदियों से लोग इस रहस्यमयी झरने की तलाश करते रहे हैं.
क्या सच में मौजूद है ऐसा झरना?
अब तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे साबित हो सके कि दुनिया में वास्तव में फाउंटेन ऑफ यूथ नाम का कोई जादुई झरना मौजूद है.
इतिहासकारों का मानना है कि यह एक ऐसी कल्पना है, जो इंसान की हमेशा जवान बने रहने की इच्छा से जुड़ी हुई है. चूंकि पानी हर सभ्यता के लिए जीवन का आधार रहा है, इसलिए कई संस्कृतियों ने उसे चमत्कारी शक्तियों से जोड़ दिया. यही कारण है कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में कई झरनों, नदियों और झीलों को पवित्र और चमत्कारी माना गया.
फ्रांस में आज भी पहुंचते हैं लाखों लोग
आज भी फ्रांस के लूर्द शहर में मौजूद एक गुफा से निकलने वाले पानी को चमत्कारी माना जाता है. हर साल लाखों श्रद्धालु वहां पहुंचते हैं. उनका विश्वास है कि इस पानी से बीमारियां ठीक हो सकती हैं. हालांकि वैज्ञानिक दृष्टि से ऐसे दावों की पुष्टि नहीं हुई है.
क्या मिस्र के पिरामिड से जुड़ा है इसका रहस्य?
एक फिल्म 'Fountain of Youth' में इस रहस्यमयी झरने को मिस्र के गीजा के महान पिरामिड से जोड़कर दिखाया गया है. लेकिन इतिहास और लोककथाओं में ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिलता कि फाउंटेन ऑफ यूथ का संबंध गीजा के पिरामिडों या दुनिया के सात प्राचीन अजूबों से कभी रहा हो.
कहां-कहां सुनाई देती है इसकी कहानी?
फाउंटेन ऑफ यूथ की कहानी सिर्फ यूरोप तक सीमित नहीं रही. करीब 2,500 साल पहले यूनानी इतिहासकार हेरोडोटस ने अफ्रीका में रहने वाले मैक्रोबियन्स नाम के लोगों का जिक्र किया था. कहा जाता था कि वे असाधारण रूप से लंबी उम्र जीते थे और इसकी वजह वहां का खास पानी था.
इसके बाद सिकंदर महान के बारे में भी कहा गया कि उन्होंने ऐसी नदी की तलाश की थी, जिसका पानी इंसान को फिर से जवान बना देता है. मध्यकाल में यूरोप में यह भी माना जाता था कि एशिया या अफ्रीका में कहीं एक ईसाई राजा प्रेस्टर जॉन रहता है, जिसके राज्य में भी ऐसा ही चमत्कारी झरना मौजूद है.
14वीं सदी की मशहूर यात्रा पुस्तक 'द ट्रैवल्स ऑफ सर जॉन मैनडविल' में लेखक ने दावा किया था कि उसने भारत में एक ऐसे जादुई झरने का पानी पिया था.
स्पेन का खोजी और फाउंटेन ऑफ यूथ
फाउंटेन ऑफ यूथ की सबसे मशहूर कहानी स्पेन के खोजी जुआन पोंसे दे लियोन से जुड़ी है. लंबे समय तक यह माना जाता रहा कि 1513 में जब वह अमेरिका के फ्लोरिडा पहुंचे, तो उनका असली मकसद इसी जादुई झरने को ढूंढना था. कहा जाता था कि उन्हें विश्वास था कि बहामास के बिमिनी (Bimini) द्वीप पर यह झरना मौजूद है.
यह भी पढ़ें: कौन था किंग ओडीसियस, क्या है इस कहानी का सच, जिस पर बेस्ड है 'द ओडिसी'
लेकिन इतिहासकारों का कहना है कि इस बात का कोई ठोस सबूत नहीं है. पोंसे दे लियोन के अपने पत्रों में भी ऐसी किसी खोज का जिक्र नहीं मिलता. असल में, दूसरे स्पेनिश खोजकर्ताओं की तरह उनका उद्देश्य नई जमीन, दौलत और सत्ता हासिल करना था.
फिर फ्लोरिडा से कैसे जुड़ गई यह कहानी?
पोंसे दे लियोन की मौत के बाद एक स्पेनिश इतिहासकार गोंजालो फर्नांदेज़ दे ओवीएदो ने अपनी किताब में लिखा कि पोंसे दे लियोन जादुई झरने की तलाश में भटकते रहे. माना जाता है कि वह पोंसे दे लियोन के राजनीतिक विरोधियों के करीबी थे और उनकी छवि खराब करना चाहते थे. लेकिन उनकी लिखी कहानी इतनी लोकप्रिय हो गई कि फाउंटेन ऑफ यूथ हमेशा के लिए फ्लोरिडा से जुड़ गया.
आज भी जिंदा है यह कहानी
आज अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के सेंट ऑगस्टीन शहर में फाउंटेन ऑफ यूथ आर्कियोलॉजिकल पार्क मौजूद है. यहां दावा किया जाता है कि यही वह जगह है, जहां पोंसे दे लियोन को वह जादुई पानी मिला था. हालांकि इतिहासकार इस दावे से सहमत नहीं हैं और यहां तक मानते हैं कि संभव है पोंसे दे लियोन कभी इस स्थान पर पहुंचे ही न हों.
आखिर क्या है सच्चाई?
इतिहास और विज्ञान की नजर में फाउंटेन ऑफ यूथ का कोई प्रमाणित अस्तित्व नहीं है. यह एक ऐसी लोककथा है, जो इंसान की सबसे पुरानी इच्छा, हमेशा जवान और स्वस्थ रहने की चाह को दर्शाती है.
भले ही यह रहस्यमयी झरना आज तक नहीं मिला, लेकिन इसकी कहानी हजारों साल बाद भी लोगों की कल्पना को रोमांचित करती है. शायद यही वजह है कि फाउंटेन ऑफ यूथ आज भी दुनिया के सबसे चर्चित रहस्यों में गिना जाता है.
aajtak.in