उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच एक छोटी-सी लापरवाही जान पर भारी पड़ते-पड़ते बची. विकासनगर में पानी से डूबी सड़क पार करने की कोशिश कर रहा एक स्कूटर सवार तेज बहाव में बह गया. पूरी घटना महज 7 सेकेंड में हुई और वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए. राहत की बात यह रही कि युवक को सुरक्षित बचा लिया गया. अब इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे मॉनसून के दौरान जोखिम न उठाने की बड़ी चेतावनी माना जा रहा है.
यह घटना विकासनगर के कटापत्थर इलाके की है. लगातार बारिश के बाद नारो खाला का पानी सड़क पर आ गया था. स्थानीय लोगों के मुताबिक, तेज बहाव के बावजूद स्कूटर सवार ने सड़क पार करने की कोशिश की. जैसे ही वह आगे बढ़ा, पानी का दबाव इतना ज्यादा था कि कुछ ही सेकेंड में स्कूटर का संतुलन बिगड़ गया. इसके बाद स्कूटर समेत युवक तेज बहाव में बह गया.
7 सेकेंड का VIDEO हुआ वायरल
घटनास्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूरी घटना अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली. वीडियो में दिख रहा है कि स्कूटर सवार सड़क पार करने की कोशिश करता है, लेकिन कुछ ही पल में तेज बहाव उसे बहाकर ले जाता है. यह नजारा देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए और मदद के लिए चिल्लाने लगे. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो लोगों को लगातार सावधानी बरतने की सीख दे रहा है.
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और बचाव दल ने कार्रवाई शुरू की. काफी मशक्कत के बाद स्कूटर सवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई. उत्तराखंड में इन दिनों भारी बारिश हो रही है. कई इलाकों में नदियां उफान पर हैं, जबकि बरसाती धाराएं और जलभराव लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं. कई जगह अचानक पानी का बहाव बढ़ने से सड़कें भी प्रभावित हुई हैं. ऐसे हालात में छोटी-सी लापरवाही भी बड़ा हादसा बन सकती है.
प्रशासन की लोगों से अपील
प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि बारिश के दौरान पानी से भरी सड़कों, पुलों और बरसाती धाराओं को पार करने की कोशिश न करें. अधिकारियों का कहना है कि कई बार कम दिखाई देने वाला पानी भी बेहद तेज बहाव लिए होता है, जो कुछ ही सेकेंड में किसी व्यक्ति या वाहन को बहा सकता है.
यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि मॉनसून के दौरान जल्दबाजी या जोखिम उठाना भारी पड़ सकता है. इस बार स्कूटर सवार की जान बच गई, लेकिन हर बार किस्मत साथ दे, यह जरूरी नहीं.
टीना साहू