16 जून 2026 को उत्तराखंड के कर्णप्रयाग में निहंगों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद के बाद, अब रुद्रप्रयाग के एक गुरुद्वारे में भी शनिवार दोपहर तनाव पैदा हो गया. दरअसल कुछ निहंग पारंपरिक वेशभूषा में गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए और प्रदर्शन करने लगे.
इन निहंगों के पास धार्मिक परंपरा से जुड़े शस्त्र भी मौजूद थे. घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई.
जिला प्रशासन के मुताबिक, शनिवार शाम को अचानक गुरुद्वारे की लाइटें बंद कर दी गईं. इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं. निहंगों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने गुरुद्वारे के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया है.
पुलिस और ITBP की संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने मोर्चा संभाला. सुरक्षा बलों ने छत पर मौजूद निहंगों से बातचीत शुरू की. उन्हें शांति के साथ नीचे उतरने के लिए समझाया गया. अधिकारियों का कहना है कि अब स्थिति पूरी तरह काबू में है.
इस पूरे मामले में अब तक किसी भी तरह की हिंसा या जनहानि की कोई जानकारी नहीं है. हालांकि प्रशासन ने लोगों से शांति, संयम और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: कर्णप्रयाग: निहंग सिख तीर्थयात्रियों से जुड़े विवाद की होगी जांच, आदेश जारी
मौके पर मौजूद 30 से 40 पुलिसकर्मी
मौके पर स्थिति को संभालने के लिए 30 से 40 पुलिसकर्मी और दो दर्जन से ज्यादा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवान तैनात किए गए. रुद्रप्रयाग के SDM, तहसीलदार और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं.
प्रवीण सेमवाल