देश के कई इलाकों में बारिश का असर देखने को मिला है. इस बीच उत्तराखंड के लिए भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश और आंधी‑तूफान की प्रबल संभावना जताई गई है, जिसके बाद क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. बता दें, यहां देर रात से ही लगातार बारिश जारी है.
इस बीच केदारनाथ यात्रा को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने केदारनाथ पैदल मार्ग पर जा रहे यात्रियों को तत्काल प्रभाव से निकटतम होल्डिंग स्थल या सुरक्षित स्थानों पर रोकने के आदेश दिए गए हैं.
सभी सेक्टर अधिकारियों और पुलिस प्रभारियों को कहा गया है कि किसी भी यात्री को मौसम सामान्य होने तक आगे न बढ़ने दिया जाए. सभी यात्रियों को निर्धारित होल्डिंग क्षेत्रों में सुरक्षित रूप से ठहराया जाए और लगातार निगरानी रखी जाए.
यह भी पढ़ें: शाम तक दिल्ली में एक और बौछार! गर्मी के बीच आसमान से बरसेंगी राहत की बूंदें, मौसम विभाग का अलर्ट
सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस, DDRF, SDRF, NDRF और संबंधित विभागों को अपने‑अपने क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं. किसी भी प्रकार की आपदा, मार्ग अवरोध, भूस्खलन, दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) के कॉन्टैक्ट नंबर 8958757335, 8218326386 या 112 पर दी जाएगी.
यात्रियों से प्रशासन की अपील
केदारानाथ धाम की यात्रा कर रहे यात्रियों से अपील की गई है कि वे प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने में सहयोग करें. यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा के लिए लिया गया है.
बता दें, उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में हो रही बारिश को देखते हुए पौड़ी पुलिस के द्वारा केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले यात्रियों को फिलहाल आगे बढ़ने से रोका जा रहा है. श्रद्धालुओं को निकटतम होल्डिंग क्षेत्रों और सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जा रहा है.
अंकित शर्मा