उत्तराखंड के हरिद्वार में अंकिता भंडारी मामले से चर्चा में आईं उर्मिला सनावर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उन पर सोशल मीडिया पर पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर के खिलाफ कथित तौर पर अश्लील और अपमानजनक टिप्पणी करने, परिवार की छवि धूमिल करने, 5 करोड़ रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं. रानीपुर कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करने के करीब 12 घंटे के भीतर सहारनपुर स्थित उनके घर से हिरासत में लिया. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया है.
पुलिस के मुताबिक, टिहरी विस्थापित कॉलोनी, रानीपुर निवासी दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर की रात शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि उर्मिला ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां कीं. इससे उनकी गरिमा को ठेस पहुंची और परिवार की छवि प्रभावित हुई. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि उर्मिला ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और इसके बदले 5 करोड़ रुपये की मांग की. साथ ही जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है.
यह भी पढ़ें: अंकिता हत्याकांड: 9 दिन बाद सामने आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर, फेसबुक पर लिखा- असुरों का नाश करने आ रही हूं
रानीपुर कोतवाली में किन धाराओं में केस दर्ज?
दीपिका राठौर की शिकायत पर रानीपुर कोतवाली में मुकदमा संख्या 387/26 दर्ज किया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 308(5), 308(7), 79, 356(3) और 356(2) के साथ स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम, 1986 की धारा 4/10 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई.
पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में सदर बाजार थाना क्षेत्र के गोविंदनगर स्थित उनके आवास पर कार्रवाई की. वहां से उर्मिला सनावर को हिरासत में लेकर घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किया गया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी को संबंधित धाराओं में न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है. मामले में सामने आने वाले नए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
एसपी सिटी बोले- शिकायत के आधार पर कार्रवाई
हरिद्वार के एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर की रात कोतवाली रानीपुर में तहरीर दी थी. इसमें सोशल मीडिया पर अश्लील और अपमानजनक टिप्पणी करने, परिवार की छवि खराब करने तथा व्हाट्सएप कॉल के जरिए रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने के लिए 5 करोड़ रुपये मांगने के आरोप लगाए गए थे.
दीपक सिंह के मुताबिक, शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उर्मिला सनावर को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने कहा कि विवेचना के दौरान जो नए तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच शुरू की है.
पुलिस के मुताबिक, उर्मिला के खिलाफ पहले से 9 मुकदमे
पुलिस ने बताया कि उर्मिला सनावर के खिलाफ पहले से नौ मुकदमे दर्ज हैं. इनमें हरिद्वार के झबरेड़ा, बहादराबाद, ज्वालापुर और रानीपुर थानों के अलावा देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने तथा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के सदर बाजार और फतेहपुर थानों में दर्ज मामले शामिल हैं.
पुलिस के रिकॉर्ड के मुताबिक, इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत केस दर्ज हैं. कुछ मामलों में कथित धमकी, आपत्तिजनक सामग्री प्रकाशित करने और अन्य आरोप शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच जारी है और आगे की जानकारी मिलने पर साझा की जाएगी.
मुदित अग्रवाल