उत्तराखंड में हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रावली महदूद में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. 10वीं कक्षा के एक छात्र की करंट लगने से मृत्यु हो गई. बताया जा रहा है कि छात्र अगले दिन से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटा था और अपनी स्कूल यूनिफॉर्म प्रेस कर रहा था, तभी यह दुर्घटना हो गई.
परिवार के अनुसार शाम के समय छात्र कमरे में कपड़े प्रेस कर रहा था. अचानक उसे तेज करंट लगा और वह वहीं गिर पड़ा. परिजनों ने तुरंत उसे संभाला और गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों का कहना है कि करंट लगने से उसकी हालत अत्यंत गंभीर हो गई थी.
घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परीक्षा से ठीक पहले हुए इस हादसे ने माता-पिता और रिश्तेदारों को गहरे सदमे में डाल दिया. पड़ोसियों और स्थानीय लोगों की भीड़ घर के बाहर जमा हो गई. माहौल शोक से भरा हुआ था.
सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हालांकि, शुरुआत में परिजनों ने पोस्टमार्टम का विरोध किया. उनका कहना था कि यह साफ तौर पर हादसा है, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया. कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया था, क्योंकि बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए थे.
मुदित अग्रवाल