कभी कार पर पलटा ट्रक तो कभी ट्रेलर से भिड़ी गाड़ी, देहरादून में सड़क हादसों का खतरनाक रिकॉर्ड

देहरादून के मोहब्बेवाला में कंटेनर ट्रक वर्ना कार के ऊपर पलट गया. कार पूरी तरह उसके नीचे दब गई और कुछ लोगों की मौत की आशंका है. इस हादसे ने आशारोड़ी क्षेत्र में सड़क सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े किए हैं. जनवरी 2024 से अक्टूबर 2026 तक आसपास कम से कम 17 हादसों में 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.

Advertisement
17 दुर्घटनाओं में 10 से ज्यादा मौतें.(Photo: Screengrab) 17 दुर्घटनाओं में 10 से ज्यादा मौतें.(Photo: Screengrab)

अंकित शर्मा

  • देहरादून,
  • 04 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 5:50 PM IST

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है. मोहब्बेवाला इलाके में एक अनियंत्रित कंटेनर ट्रक वर्ना कार के ऊपर पलट गया. हादसा इतना भयानक था कि कार कंटेनर के नीचे पूरी तरह दब गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में कुछ लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है.

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई है. आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर जुट गए. सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. फिलहाल हादसे में हताहतों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: श्रीनगर से देहरादून तक कार से सफर... रास्ते में मजदूरों को देखा तो काफिला रोक दिया, सीएम धामी का दिखा अलग अंदाज

इस घटना ने एक बार फिर देहरादून के आशारोड़ी और आसपास के सड़क मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों की चिंता बढ़ा दी है. उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक, जनवरी 2024 से अक्टूबर 2026 तक आशारोड़ी चेकपोस्ट और उसके आसपास कम से कम 17 सड़क दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं.

आशारोड़ी क्षेत्र में 17 हादसे, 10 से ज्यादा लोगों की मौत

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इन दुर्घटनाओं में 10 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. इस इलाके में ट्रक, कंटेनर और अन्य भारी वाहनों के पलटने और दूसरे वाहनों से टकराने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं.

Advertisement

फरवरी 2024 में ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में दो लोग घायल हुए थे. वहीं, नवंबर 2024 में कंटेनर की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन लोग घायल हुए थे.

जून 2025 में आशारोड़ी के पास एक कार सीमेंट से भरे ट्रेलर में घुस गई थी. इस दर्दनाक हादसे में चार युवकों की मौत हो गई थी, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ था. यह दुर्घटना इलाके की सबसे गंभीर घटनाओं में शामिल रही.

2026में भी जारी रहा हादसों का सिलसिला

वर्ष 2026 में भी इस सड़क पर दुर्घटनाओं का सिलसिला नहीं थमा. कार और ट्रक की टक्कर में एक युवक की जान गई. कंटेनर पलटने से एक सफाई कर्मचारी की मौत हुई थी. इसके अलावा सीमेंट से लदे ट्रक के पलटने से बाइक सवार की जान चली गई. कई अन्य घटनाओं में लोग घायल भी हुए.

सितंबर 2026 में लगातार दो दिनों तक ट्रक दुर्घटनाएं सामने आई थीं. इसके अलावा अलग-अलग महीनों में भारी वाहनों से जुड़े कई गंभीर हादसे दर्ज किए गए.

कब-कब हुए बड़े सड़क हादसे?

आशारोड़ी क्षेत्र में 18 फरवरी को एक ट्रक कार के ऊपर पलट गया था, जिसमें आग भी लग गई थी. 9 मार्च को मार्बल से भरा ट्रक पलट गया. 16 अप्रैल को ट्रक की टक्कर से पांच वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिसमें चालक और परिचालक घायल हुए थे. वहीं, 30 मई को चीनी से लदा ट्रक पलटने से उसका परिचालक घायल हो गया था.

Advertisement

इसके बाद 20 सितंबर को बाइक सवार जमील मकसूद की सड़क हादसे में मौत हो गई थी, जबकि दो लोग घायल हुए थे. 6 अक्टूबर को एक ट्रक की IRB बस से टक्कर हो गई थी, जिसमें सात लोग घायल हुए थे. अक्टूबर में ही चावल से भरा ट्रक पेड़ से टकरा गया था. इस हादसे में क्लीनर विकास की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हुआ था. इसी महीने एक अन्य ट्रक हादसे में भी चालक की मौत की जानकारी सामने आई थी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »