उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक एसयूवी कार के अनियंत्रित होकर नहर में गिर जाने की वजह से चार लोगों की मौत हो गई. ये हादसा नगराम थाना क्षेत्र में भौरा कला के पास हुआ है.
रिपोर्ट के मुताबिक टायर फट जाने की वजह से एक एसयूवी कार अनियंत्रित होकर इंदिरा नहर में गिर गई. बताया जा रहा है कि एसयूवी में 8 से 10 लोग सवार थे. हादसे में 2 महिलाओं समेत एक बच्ची और एक बच्चे की मौत हो गई है जबकि बाकी लोगों को जीवित बाहर निकाल लिया गया है.
हालांकि हादसे के बाद से 2 लोग लापता हैं जिसकी खोज की जा रही है. जानकारी के मुताबिक एसयूवी का टायर अचानक फट गया जिसके चलते गाड़ी ने संतुलन खो दिया और यह दुर्घटना हो गई. एसयूवी में सवार सभी लोग पीलीभीत से लखनऊ अपने परिचितों से मिलने आए थे.
हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू करके जेसीबी के जरिए एसयूवी गाड़ी को नहर से बाहर निकाला. मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के जल्दी नहीं पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जाहिर की.
वहीं घटनास्थल पर पहुंचकर समाजवादी पार्टी के विधायक अमरीश पुष्कर ने इस पर दुख जताया और कहा कि प्रशासन की लापरवाही से ऐसी घटना सामने आई है. उन्होंने कहा, कई बार नहर के किनारे बाउंड्री वॉल बनाने का मुद्दा उठाया गया लेकिन इसबात पर किसी ने ध्यान नहीं दिया.
ये भी पढ़ें:
सत्यम मिश्रा