अमित शाह बोले- 'राहु-केतु' हैं सपा-बीएसपी, यूपी के विकास पर लगाया ग्रहण

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ सपा और मुख्य विपक्षी दल बीएसपी की तुलना ‘राहु-केतु' से की. उन्होंने कहा कि इन दोनों पार्टी के रहते यूपी का विकास नहीं हो सकता.

Advertisement
अमित शाह ने कहा- यूपी में अटका है पीएम मोदी के विकास का रथ अमित शाह ने कहा- यूपी में अटका है पीएम मोदी के विकास का रथ

केशव कुमार / BHASHA

  • मऊ,
  • 09 जुलाई 2016,
  • अपडेटेड 9:29 PM IST

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी और मुख्य विपक्षी दल बीएसपी की तुलना ‘राहु-केतु' से की. शनिवार को उन्होंने कहा कि इन दोनों पार्टी के रहते यूपी का विकास नहीं हो सकता.

यूपी में अटका है विकास का रथ
शाह ने बीजेपी और पूर्वाचल के एक स्थानीय दल भारतीय समाज पार्टी की साझा रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘सपा, बीएसपी 'राहु-केतु’ की तरह है. इनके रहते उत्तर प्रदेश का विकास नहीं हो सकता.’ प्रदेश में सत्तारूढ़ सपा सरकार पर निशाना साधते हुए बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, ‘नरेंद्र मोदी की सरकार में देश में चला विकास का रथ यूपी में अटक गया है. यूपी की सरकार विकास होने ही नहीं देना चाहती.’

Advertisement

बड़े पैमाने पर पलायन करते हैं पूर्वांचल के युवा
रोजी-रोटी की तलाश में पूर्वांचल के युवकों के दिल्ली, मुंबई जैसे शहरों की ओर होने वाले पलायन की ओर इशारा करते हुए शाह ने कहा, ‘आप गुजरात जाइए, महाराष्ट्र जाइए वहां पूर्वांचल के युवक बड़ी संख्या में काम करते मिलेंगे. वे रोजी की तलाश में घर बार और परिवार को छोड़कर बाहर जाने को मजबूर हैं.’

सपा, बीएसपी और नहीं रोक पाए पलायन
उन्होंने कहा, ‘पूर्वांचल के युवकों के पसीने से देश का विकास होता है. मगर पूर्वांचल का विकास नहीं होता. पूर्वांचल को समृद्ध करना है तो उन्हें यहीं पर रोजगार देना होगा. पूर्वांचल से पलायन रोकना है. यह काम सपा, बीएसपी और कांग्रेस नहीं कर सकते.’

अमित शाह ने कहा कि बीस साल तक प्रदेश में राज किया, मगर गरीबों के लिए कुछ नहीं किया. उन्होंने बीएसपी के संस्थापक कांशीराम की प्रशंसा की, मगर इसकी मुखिया मायावती पर हमला बोला.

Advertisement

कांशीराम की उम्मीदों पर मायावती ने पानी फेरा
उन्होंने कहा, ‘कांशीराम का मन साफ था. मगर मायावती ने पिछडों और दलितों के वोट को नोट छापने की मशीन बना दिया है.’ बीजेपी अध्यक्ष ने मंच पर मौजूद रहे भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर की ओर इशारा करते हुए कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में जब राजभर हमारे साथ नहीं थे, तब बीजेपी ने प्रदेश की 80 में से 73 सीटें जीती थी. जब यह भी साथ आ गए हैं तो ’मुलायम सिंह जी’ सोच रहे हैं कि विधानसभा चुनाव में क्या होने वाला है.

जाति पूछकर नौकरी देती है अखिलेश सरकार
शाह ने आरोप लगाया कि नौकरी देती है तो पहले जाति पूछती है. उन्होंने कहा कि बीजेपी जाति और धर्म का भेद किए बिना सबको अवसर देने की बात करती है. हमारा मंत्र है ’सबका साथ, सबका विकास’.

यूपी में काम कर रहे हैं साढ़े तीन सीएम
शाह ने दोहराया कि उत्तर प्रदेश में साढ़े तीन मुख्यमंत्री काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ’अखिलेश यादव, सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव, दो चाचा (शिवपाल सिंह यादव और रामगोपाल सिंह यादव) आधा-आधा मिलकर एक और आधे मुख्यमंत्री हैं आजम खान.’

सपा में मुख्तार अंसारी जैसों की कमी नहीं
बीते दिनों मुख्तार अंसारी की पार्टी कौमी एकता दल के सपा में विलय और फिर उसके विलय को निरस्त करने के घटनाक्रम को नाटक बताते हुए , ’सपा में मुख्तार जैसे लोगों की कमी नहीं है. सबको निकाल देंगे तो पार्टी ही नहीं बचेगी.’

Advertisement

विकास के मामले में यूपी को नंबर वन बनाएंगे पीएम मोदी
उत्तर प्रदेश के विकास के लिए बीजेपी सरकार लाने को जरूरी बताते हुए शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश को देश का नंबर एक प्रदेश बनाना चाहते है, उनके हाथों को मजबूत कीजिए.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »