तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के एक गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया. इस हमले में कई लोग घायल हो गए और पूरे इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया. घटना के बाद घायल लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है.
घटना संगारेड्डी के सदाशिवपेट मंडल के वेंकटापुरम गांव की है. शुक्रवार को गांव में लोग रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थे. कोई खेतों की ओर जा रहा था तो कोई घर के बाहर अपने काम में लगा हुआ था. इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का एक बड़ा झुंड गांव की ओर आ गया और देखते ही देखते कई लोगों पर हमला कर दिया.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मधुमक्खियां गांव में लोगों को डंक मारने लगीं. अचानक हुए इस हमले से लोग घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. कई ग्रामीण खुद को बचाने के लिए घरों के अंदर छिप गए, जबकि कुछ लोग खेतों और खुले स्थानों की ओर दौड़ पड़े.
यह भी पढ़ें: मधुमक्खियों का 'स्वार्म अटैक'... रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी, चादर ओढ़कर महिला ने बचाई जान
हमला इतना अचानक था कि कई लोग संभल ही नहीं पाए और मधुमक्खियों के डंक का शिकार हो गए. कुछ ही मिनटों में गांव के कई लोग घायल हो गए. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत इमरजेंसी सर्विस को सूचना दी गई.
घटना की खबर मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवा को मौके पर बुलाया गया. एंबुलेंस के जरिए घायलों को सदाशिवपेट के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया. हालांकि घायलों की संख्या अधिक होने के कारण उपलब्ध एंबुलेंस पर्याप्त नहीं पड़ सकीं.
ऐसे में कुछ घायल ग्रामीणों को निजी वाहनों और अन्य साधनों से अस्पताल पहुंचाया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मधुमक्खियों के झुंड के कारण लोग अपने घरों से बाहर निकलने से डर रहे थे और बच्चों व बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया. ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इस तरह की घटना नहीं देखी.
सीसीटीवी में भागते दिखे लोग
इस बीच, घटना से जुड़ी कुछ तस्वीरें सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गईं. इनमें देखा जा सकता है कि अचानक मधुमक्खियों का झुंड लोगों पर टूट पड़ता है और लोग घबराकर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगते हैं.
फिलहाल प्रशासन की ओर से घायलों की सटीक संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. हालांकि स्थानीय सूत्रों का कहना है कि कई लोगों को मधुमक्खियों ने डंक मारे हैं और सभी का इलाज जारी है.
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है. गांव के बुजुर्गों का कहना है कि संभवतः मधुमक्खियों का छत्ता किसी वजह से छेड़ दिया गया होगा या फिर मौसम में बदलाव के कारण वे आक्रामक हो गई होंगी. हालांकि असली कारण का पता अभी नहीं चल पाया है. फिलहाल डॉक्टर घायलों की निगरानी कर रहे हैं.
अब्दुल बशीर