शादी के लिए पैसों की कमी पड़ी तो मंदिर में की चोरी, बुजुर्ग महिला की सोने की चेन छीनकर भागा कपल

हैदराबाद के वनस्थलीपुरम स्थित श्री राजराजेश्वरी मंदिर में एक जोड़े ने कथित तौर पर 60 साल की महिला का मुंह दबाकर करीब तीन तोले की सोने की चेन छीन ली. पुलिस के मुताबिक, शादी के लिए पैसों की कमी से जूझ रहे दोनों आरोपियों को सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सुरागों की मदद से दो दिन बाद पकड़ लिया गया.

Advertisement
शादी के लिए कपल ने चोरी की (Representational) शादी के लिए कपल ने चोरी की (Representational)

अब्दुल बशीर

  • हैदराबाद,
  • 22 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:47 PM IST

शादी के सपने पूरे करने के लिए एक कपल ने चोरी का रास्ता चुना. मामला हैदराबाद का है, जहां एक कपल ने मंदिर में काम कर रही 60 साल की महिला को निशाना बनाया. आरोप है कि मदद करने के बहाने से महिला के पास युवक-युवती पहुंचे और उससे सोने की चेन छीन कर बाइक से फरार हो गए. पुलिस ने CCTV फुटेज और दूसरी जानकारियों की मदद से दोनों को गिरफ्तार कर लिया. 

Advertisement

वनस्थलीपुरम इलाके में स्थित श्री राजेश्वरी मंदिर में 60 साल की महिला रामुलम्मा काम कर रही थीं, उस समय वह अकेली थीं. इसी दौरान एक युवक और युवती उनके पास पहुंचे. आरोप है कि दोनों ने महिला की मदद करने का बहाना बनाया. फिर उनका मुंह दबाकर गले से करीब तीन तोले की सोने की चेन छीन ली. वारदात के बाद दोनों दोपहिया वाहन से मौके से भाग निकले.

पुलिस ने आरोपियों की पहचान आंध्र प्रदेश के माचेर्ला इलाके के 23 वर्षीय दुर्गा रमना रेड्डी और काकीनाडा क्षेत्र की 24 वर्षीय टेंका वरलक्ष्मी के रूप में की है. पुलिस के मुताबिक, दोनों करीब डेढ़ साल से एक-दूसरे को जानते थे और शादी करना चाहते थे. हालांकि, पैसों की कमी उनके सामने परेशानी बनी हुई थी.

जांच में सामने आया कि दोनों ने मंदिर की गतिविधियों पर नजर रखी थी. उन्हें पता था कि सुबह जल्दी वहां लोगों की आवाजाही कम रहती है. इसी का फायदा उठाकर उन्होंने बुजुर्ग महिला को निशाना बनाने की योजना बनाई.

Advertisement

यह भी पढ़ें: पत्रकार की पीट-पीटकर हत्या... हापुड़ की फ्लोर मिल में हुई खौफनाक वारदात, जानिए क्या है पूरा मामला

CCTV से पहचान के बाद हुई गिरफ्तारी

वारदात के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले और आरोपियों की आवाजाही का पता लगाया. जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर दोनों को 20 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे कमलानायक के पास पकड़ लिया गया.

पुलिस ने महिलाओं, खासकर अकेले आने-जाने वाली बुजुर्ग महिलाओं को सतर्क रहने की सलाह दी है.अधिकारियों के मुताबिक, सुनसान जगहों पर सोने के गहने पहनकर जाते समय सावधानी बरतनी चाहिए. इलाके में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की गश्त और अपराध रोकने वाली टीमों की निगरानी जारी रहेगी. फिलहाल मामले की आगे की जांच की जा रही है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »