आंखों में मिर्च झोंकी, फिर 5 साल के बेटे पर वार... मां और उसके लिव-इन पार्टनर की हैवानियत, दहला देगी ये कहानी

ये दहला देने वाली कहानी तेलंगाना के कामारेड्डी जिले की है. यहां एक पांच साल के दिव्यांग बच्चे के साथ जो किया गया, वो बेहद डरावना और शर्मनाक है. बच्चे की मां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. पुलिस का कहना है कि महिला को लगता था कि उसका बच्चा उसके रिश्ते में रुकावट बन सकता है. एक दिन जब महिला घर पर नहीं थी, तो उसके पार्टनर ने पहले बच्चे की आंखों में मिर्च झोंकी, फिर डंडे से वार कर उसकी जिंदगी छीन ली.

Advertisement
बेटे को रिश्ते में रुकावट मान रही थी मां. (Photo: Representational) बेटे को रिश्ते में रुकावट मान रही थी मां. (Photo: Representational)

अब्दुल बशीर

  • कामारेड्डी,
  • 19 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:00 AM IST

कामारेड्डी की श्रीराम नगर कॉलोनी में ऐसी वारदात सामने आई, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया. पांच साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस खौफनाक साजिश के पीछे कोई और नहीं, बल्कि उसकी अपनी मां और उसका लिव-इन पार्टनर निकले.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी नरसिमलू पिछले छह महीनों से महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था. महिला अपने पति से अलग रह रही थी. उसके साथ उसके दो बच्चे- आठ साल की बेटी और पांच साल का बेटा भी थे. लेकिन महिला को लगता था कि इस रिश्ते में बड़ी रुकावट उसका बेटा बन सकता है.

Advertisement

बच्चा मानसिक रूप से कमजोर था, और यही बात आरोपी और उसकी मां को नागवार गुजरने लगी. धीरे-धीरे दोनों के मन में इस मासूम को रास्ते से हटाने की साजिश पनपने लगी. रिश्ते की राह आसान करने के लिए उन्होंने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं.

यह भी पढ़ें: 'बच्चा तुम्हारा जैसा नहीं' गांव वाले उड़ाते थे मजाक, गुस्से में पिता ने कर दी 6 साल के बेटे की हत्या, ऐसे खुला राज

घटना वाले दिन घर में मां मौजूद नहीं थी. इसी दौरान नरसिमलू शराब के नशे में वहां पहुंचा. मासूम बच्चा घर में अकेला था- बिल्कुल बेखबर उस खौफनाक मंसूबे से, जो उसके लिए रचा जा चुका था.

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले बच्चे की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया. अचानक हुए इस हमले से मासूम तड़प उठा, उसकी चीखें दीवारों में गूंजती रहीं, लेकिन उसे बचाने वाला कोई नहीं था. जब बच्चा दर्द से कराहता हुआ बेबस हो गया, तब आरोपी ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए डंडे से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए.

Advertisement

कुछ ही देर में मासूम की सांसें थम गईं. एक निर्दोष जिंदगी को बेहद क्रूर तरीके से खत्म कर दिया गया. घटना की जानकारी मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची. टाउन सर्किल इंस्पेक्टर नरहरि के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की. शुरुआती जांच में ही शक की सुई मां और उसके लिव-इन पार्टनर की ओर घूम गई. सख्ती से पूछताछ के बाद पूरा सच सामने आ गया.

पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है और उनसे पूछताछ जारी है. इस मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या एक मां अपने ही बच्चे के खिलाफ इतनी निर्दयी हो सकती है? क्या इंसान अपनी औलाद को ही रास्ते का कांटा समझने लगे? इस वारदात के बारे में जिसने भी सुना, वो दहल गया. फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement