'बच्चा तुम्हारा जैसा नहीं' गांव वाले उड़ाते थे मजाक, गुस्से में पिता ने कर दी 6 साल के बेटे की हत्या, ऐसे खुला राज

विजयपुरा में एक दिल दहला देने वाली घटना में पिता पर अपने 6 साल के बेटे की हत्या का आरोप लगा है. आरोपी ने बच्चे को एडमिशन के बहाने ले जाकर कृष्णा नदी में फेंक दिया. शक और अफवाहों के चलते यह वारदात हुई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
पिता ने की 6 साल के बेटे की हत्या (Photo: ITG) पिता ने की 6 साल के बेटे की हत्या (Photo: ITG)

सगाय राज

  • विजयपुरा ,
  • 14 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:04 PM IST

कर्नाटक के विजयपुरा जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता पर अपने ही 6 साल के बेटे की हत्या का आरोप लगा है. पुलिस के अनुसार आरोपी ने बच्चे के अपने से मेल न खाने के शक में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. यह मामला नागठाना गांव का है. मृतक बच्चे की पहचान सिद्धार्थ मलिकार्जुन आरकेरी के रूप में हुई है. आरोपी पिता मलिकार्जुन आरकेरी ने 16 मार्च को बच्चे को स्कूल एडमिशन के बहाने घर से ले गया था. इसके बाद वह उसे महाराष्ट्र के कराड ले गया और वहां कृष्णा नदी में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी.

Advertisement

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी को गांव वालों की उन बातों से मानसिक तनाव था, जिनमें कहा जाता था कि बच्चा उसके जैसा नहीं दिखता. इसी शक और मानसिक दबाव के चलते उसने यह खतरनाक कदम उठाया. हत्या के बाद आरोपी ने परिवार को गुमराह करने की कोशिश की और बताया कि उसने बच्चे को सिंदगी के पास एक हॉस्टल में दाखिल करवा दिया है. परिवार को उसकी बातों पर शक नहीं हुआ और वो इंतजार करते रहे.

बेटे की हत्या के बाद शव को नदी में फेंका 

हालात तब बदले जब 1 अप्रैल को बच्चे के जन्मदिन पर मां ने उसे देखने की जिद की. इसी दौरान आरोपी के बयान बदलने लगे और वह घर से फरार हो गया. इससे परिवार को शक हुआ और उन्होंने पुलिस से संपर्क किया. पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान आरोपी के बयानों में विरोधाभास पाया गया. जब पुलिस ने उसे दोबारा हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

Advertisement

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि बच्चा उसका जैविक पुत्र नहीं है. इसी शक में वह बच्चे को महाराष्ट्र के कराड ले गया और कृष्णा नदी में फेंक दिया. यह कबूलनामा पुलिस जांच में अहम मोड़ साबित हुआ. जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि 16 मार्च को महाराष्ट्र पुलिस ने कृष्णा नदी से एक 6 साल के अज्ञात बच्चे का शव बरामद किया था. उस समय वहां यूडीआर यानी अननेचुरल डेथ रिपोर्ट दर्ज की गई थी.

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूला अपना गुनाह

बाद में तस्वीरों और जांच के आधार पर उस शव की पहचान सिद्धार्थ मलिकार्जुन आरकेरी के रूप में हुई. इससे यह पुष्टि हो गई कि आरोपी ने अपने ही बेटे की हत्या की थी और शव को नदी में फेंक दिया था. इस मामले में विजयपुरा ग्रामीण पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है. यह घटना पूरे क्षेत्र में गहरा सदमा छोड़ गई है और लोग इस अमानवीय वारदात को लेकर हैरान हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार आगे की जांच में और भी तथ्य सामने आ सकते हैं.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement