योगी और सिद्धारमैया में ट्विटर वार, कर्नाटक से कुछ सीखने को कहा तो मिला ये जवाब

सिद्धारमैया ने योगी आदित्यनाथ को टैग कर एक तंज भरा ट्वीट किया. इसमें उन्होंने लिखा- योगी जी, आपका हमारे राज्य में स्वागत है. यहां आपको काफी कुछ सीखने को मिलेगा. हमारे यहां इंदिरा कैंटीन और राशन की दुकान पर जाएं.

Advertisement
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ

राहुल विश्वकर्मा

  • नई दिल्ली,
  • 07 जनवरी 2018,
  • अपडेटेड 7:26 AM IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया के बीच ट्विटर वार छिड़ गया है. दोनों मुख्यमंत्रियों ने ट्विटर पर एक दूसरे को आईना दिखाते हुए सियासी तीर चलाए. सिद्धारमैया ने योगी के कर्नाटक में आने पर स्वागत करने के साथ तंज करते हुए कहा कि यहां से आपको सीखने को मिलेगा तो योगी ने भी पलटवार करते हुए किसानों की मौतों पर उन्हें घेरा.

Advertisement

सिद्धारमैया- इंदिरा कैंटीन और राशन की दुकान जरूर जाएं

दरअसल आज योगी आदित्यनाथ एक कार्यक्रम के सिलसिले में बेंगलुरू गए थे. यहां उन्होंने एक जनसभा में कर्नाटक सरकार पर जमकर वार किए. इसके बाद सिद्धारमैया ने योगी आदित्यनाथ को टैग कर एक तंज भरा ट्वीट किया. इसमें उन्होंने लिखा- योगी जी, आपका हमारे राज्य में स्वागत है. यहां आपको काफी कुछ सीखने को मिलेगा. हमारे यहां इंदिरा कैंटीन और राशन की दुकान पर जाएं. इससे आपको यूपी में भूख से हो रही मौतों के आंकड़ों को कम करने में मदद मिलेगी.

योगी- किसानों की मौत आपके राज में ज्यादा

सिद्धारमैया के इस ट्वीट पर योगी ने भी पलटवार किया. इसके जवाब में सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी सिद्धारमैया को टैग करते स्वागत करने के लिए आभार जताते हुए कहा कि मैंने भी कर्नाटक में किसानों की मौतों के बारे में सुना है जो आपके कार्यकाल में सर्वाधिक रही है. ईमानदार अधिकारियों की मौत और उनके ट्रांसफर का भी योगी ने जिक्र किया. योगी ने आगे कहा कि यूपी में मैं अपने सहयोगी दलों द्वारा किए गए अनैतिक कामों और भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए काम कर रहा हूं.

Advertisement

रैली में योगी ने सिद्धारमैया सरकार को घेरा

इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने आज कर्नाटक में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि कर्नाटक सरकार भ्रष्टाचार, विभाजनकारी राजनीति और विकास विरोधी नीतियों के कारण राज्य को पांच वर्ष पीछे ले गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस जाति के आधार पर समाज को बांटने पर तुली है.

कांग्रेस देश के लिए एक समस्या बन गई

योगी ने दावा किया कि कांग्रेस देश के लिए एक समस्या बन गई है. भ्रष्ट कांग्रेस, कर्नाटक का इस्तेमाल एक एटीएम के रूप में कर रही है.  ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर निशाना साधते हुए कहा कि अब वह केवल अपनी हिन्दू जड़ों को याद कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि सिद्धारमैया का खुद को एक हिन्दू कहना ठीक वैसे ही है जैसे गुजरात चुनाव के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का मंदिरों में जाना. उन्होंने कहा कि हालांकि खुद को एक हिन्दू कहना तब तक उपयुक्त नहीं है जब तक वह (सिद्धारमैया) बीफ खाने का समर्थन करते रहेंगे.

उन्होंने कहा कि कर्नाटक में जब भाजपा सरकार थी तो उसने एक गौ वध विरोधी कानून पारित किया था लेकिन कांग्रेस ने इसे रद्द कर दिया. योगी ने राज्य में बिगड़ती कानून एवं व्यवस्था की स्थिति के लिए सिद्धारमैया पर निशाना साधा और दावा किया कि पांच वर्षों में आरएसएस या संघ परिवार से संबद्ध 22 लोगों की हत्या हुई है. उन्होंने दावा किया कि इसके विपरीत उत्तर प्रदेश में जब से उन्होंने मुख्यमंत्री का पद संभाला है तब से सांप्रदायिक हिंसा की कोई घटना नहीं हुई है.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »