नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देश में प्रदर्शन किया जा रहा है. वहीं पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में नागरिकता कानून के विरोध के दौरान हिंसा हुई. इसको लेकर सीएम ममता ने कहा है कि इस हिंसा में बीजेपी के कार्यकर्ता शामिल थे.
मुर्शिदाबाद हिंसा को लेकर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ने बड़ा दावा किया है. सीएम ममता बनर्जी का कहना है, '5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ता हैं. वह लुंगी-टोपी पहनकर पत्थरबाजी कर रहे थे. स्थानीय लोगों ने इन पत्थरबाज बीजेपी कार्यकर्ताओं को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया. मैंने पहले ही बीजेपी के प्लान के बारे में बताया था.'
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर पश्चिम बंगाल के कई शहरों में हिंसक विरोध-प्रदर्शन हुआ. प्रदर्शनकारियों ने मुर्शिदाबाद के सागरदीघी इलाके में महिषासुर स्टेशन पर तोड़फोड़ की. जिसको लेकर अब सीएम ममता ने कहा, 'मैं सब लोगों से अपील करती हूं कि प्रदर्शन शांतिपूर्वक करें. मैं केंद्र सरकार से अपील करती हूं कि उन्हें लोगों की मांग माननी चाहिए.'
वहीं यूएन की निगरानी में जनमत संग्रह की बात पर ममता ने कहा, 'मैंने ऐसी बात नहीं की. मुझे मेरे देश पर गर्व है. बीजेपी क्या कह रही है ये मुझे न बताएं. मुझे उनकी पार्टी से कोई सर्टिफिकेट नहीं चाहिए. जब भी हम अपनी आवाज उठाते हैं वो हमें देश विरोधी बता देते हैं.'
इंद्रजीत कुंडू