'मुझसे दिल्ली में मिलो...', अमित शाह बनकर किसी ने AAP सांसद को किया कॉल, जन्मदिन की बधाई भी दी

पंजाब के AAP सांसद राज कुमार चब्बेवाल को फर्जी अमित शाह बनकर आया कॉल. जन्मदिन की बधाई देकर दिल्ली बुलाया. आवाज में शक होने पर सांसद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

Advertisement
AAP सांसद राज कुमार चब्बेवाल को आया फर्जी कॉल.(File Photo:X) AAP सांसद राज कुमार चब्बेवाल को आया फर्जी कॉल.(File Photo:X)

aajtak.in

  • होशियारपुर,
  • 08 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:36 PM IST

पंजाब के होशियारपुर से आम आदमी पार्टी (AAP) के लोकसभा सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने दावा किया कि उन्हें किसी ऐसे शख्स का फोन आया जिसने खुद को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बताया. इसके बाद उन्होंने पुलिस थाने में FIR दर्ज कराई. 

सांसद चब्बेवाल ने बताया कि शुक्रवार को उन्हें जन्मदिन की बधाई देने के लिए कई फोन आए. उन्होंने कहा कि इन फ़ोन कॉल्स में से एक फोन शुक्रवार सुबह करीब 8:45 बजे एक अनजान नंबर से आया. फोन करने वाले ने पूछा, 'क्या राज कुमार चब्बेवाल बोल रहे हैं?' मैंने जवाब दिया, 'हां, मैं ही बोल रहा हूं.'

Advertisement

जन्मदिन की बधाई और दिल्ली आने का न्योता

चब्बेवाल ने बताया, 'इसके बाद फोन करने वाले ने मुझसे कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुझसे बात करेंगे. मैंने कहा, ठीक है,"

उन्होंने कहा कि इसके बाद एक और व्यक्ति कॉल पर आया जिसने खुद को केंद्रीय गृह मंत्री बताया. सांसद के अनुसार, फोन करने वाले ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और पूछा, "आप आज कहां हैं?" चब्बेवाल ने कहा, "जब मैंने उन्हें बताया कि मैं होशियारपुर में अपने लोकसभा क्षेत्र में हूं, तो उन्होंने मुझसे कहा कि जब भी मैं दिल्ली आऊं तो उनसे मिलूं." 

आवाज और नंबर ने खोली पोल

सांसद ने बताया कि फोन कटने के बाद उन्हें बातचीत के दौरान कुछ शक हुआ, क्योंकि फोन करने वाले की आवाज शाह की आवाज से मेल नहीं खा रही थी और फोन किसी आधिकारिक नंबर से भी नहीं आया था.

Advertisement

उन्होंने कहा, "आमतौर पर, संबंधित मंत्रालयों से आने वाले फोन कॉल आधिकारिक लैंडलाइन नंबरों से आते हैं. मुझे यह भी लगा कि आवाज गृह मंत्री की आवाज जैसी नहीं है. मुझे यह पूरा मामला संदिग्ध लगा और मैंने SSP से अनुरोध किया कि वे इस फोन कॉल की जांच करें और उसके अनुसार कड़ी कार्रवाई करें," 

SSP कर रहे जांच

होशियारपुर के SSP संदीप कुमार मलिक ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिल गई है और जांच चल रही है. उन्होंने कहा कि अभी और जानकारी शेयर नहीं की जा सकती, क्योंकि मामला अभी जांच के दायरे में है और जानकारी सार्वजनिक करने से जांच प्रभावित हो सकती है.

पंजाब की राजनीति में AAP के सांसद

बता दें कि पंजाब की कुल 13 लोकसभा सीटों में से AAP के तीन सांसद हैं. चब्बेवाल के अलावा, AAP के दो अन्य सांसद श्री आनंदपुर साहिब से मालविंदर सिंह कंग और संगरूर से गुरमीत सिंह 'मीत' हेयर हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »